वर्तमान उपलब्धियों से आगे बढ़ते हुए, और अधिक ऊर्जा, उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहना है: डीआर एम,  सामूहिक प्रयासों से संगठन को नई सफलताओं की ओर ले जाना है: डीआर एम 

Advertisements

वर्तमान उपलब्धियों से आगे बढ़ते हुए, और अधिक ऊर्जा, उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहना है: डीआर एम,

सामूहिक प्रयासों से संगठन को नई सफलताओं की ओर ले जाना है: डीआर एम

डीजे न्यूज, धनबाद:

79वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, धनबाद के उद्यान में ध्वजारोहण किया एवं राष्ट्रध्वज को सलामी दी। उन्होंने रेल सुरक्षा बल एवं स्काउट्स एंड गाईड के सदस्यों के परेड का निरीक्षण किया ।

कलाकारों एवं स्कूल के छात्रों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया । देश की आजादी एवं रक्षा से जुड़े जवानों के साहस एवं बलिदान से संबंधित नृत्य नाटिकाओं की मनमोहक प्रस्तुति की गयी ।

पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा प्रिया मिश्र द्वारा स्काउट एवं गाईड डेन तथा जैक एण्ड जिल मोंटेशरी स्कूल में ध्वजारोहण किया गया एवं रेलवे अस्पताल में मरीजों के बीच उपहार वितरित किए गए ।

समारोह को संबोधित करते हुए डीआर एम अखिलेश मिश्र ने कहा कि देश के नवनिर्माण में भारतीय रेल की महत्वपूर्ण भूमिका है l इसी क्रम में धनबाद मंडल इस क्षेत्र एवं देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है एवं अटूट प्रतिबद्धता के साथ समेकित प्रयासों से यात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधापूर्ण यात्रा तथा माल लदान हेतु निरंतर प्रयत्नशील है । धनबाद मंडल ने इस वित्तीय वर्ष की अवधि के दौरान कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल की है।‌

माल लदान और राजस्व प्राप्ति

धनबाद मंडल ने अप्रैल से जुलाई 2025 के मध्य 63 मिलियन टन माल लदान किया, जिससे 8,334 करोड़ रुपए का राजस्व अर्जित हुआ।

इस वर्ष जुलाई 2025 तक यात्री आय से 184 करोड़ रुपए की प्राप्ति हुई, जो पिछले वर्ष की 169 करोड़ रुपए की आय की तुलना में लगभग 9% अधिक है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में जुलाई 2025 तक, धनबाद मंडल द्वारा 101,112 (एक लाख एक हज़ार एक सौ बारह) अनुपयुक्त वैगनों की मरम्मत लोडिंग के दौरान ही की गई, जिसके परिणामस्वरूप 1,743 अतिरिक्त रेक (अर्थात् 7.2 मिलियन टन अतिरिक्त माल) की लोडिंग एवं ढुलाई सुनिश्चित की जा सकी, जिससे लगभग 650 करोड़ रुपए का अतिरिक्त रेल राजस्व प्राप्त हुआ।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में धनबाद मंडल द्वारा स्क्रैप बिक्री से लगभग 24 करोड़ रुपए की आय प्राप्त की गई है।

आधारभूत संरचना

आधारभूत संरचना के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य इस अवधि में किये है जिसमे डाल्टनगंज स्टेशन पर प्लेटफ़ॉर्म संख्या 2 एवं 3, डेमू स्टेशन पर प्लेटफ़ॉर्म संख्या 1 एवं 2, बेंदी स्टेशन पर प्लेटफ़ॉर्म संख्या 1 एवं 2 तथा रिचुघुटा स्टेशन पर प्लेटफ़ॉर्म संख्या 1 को ऊँचा किए जाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

मतारी स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 एवं 2, निचितपुर स्टेशन के प्लेटफार्म    संख्या 1 तथा अनपरा स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 1 का विस्तार किया गया है।

धनबाद मंडल के ग्रैंड कॉर्ड सेक्शन में गझंडी–कोडरमा–हीरोडीह–सरमाटाड़ (26.87 किमी) के बीच स्वचालित ब्लॉक सिग्नलिंग (ABS) चालू कर दी गई है, जिससे लाइन की क्षमता बढ़ेगी। कुमण्डीह में पुराने पैनल इंटरलॉकिंग को हटाकर तीसरी लाइन के साथ इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग चालू किया गया है।

गढ़वा रोड स्टेशन पर उत्तरी लाइन से गढ़वा कनेक्टिविटी हेतु आरओआर लाइन चोपन छोर पर शुरू की गई है, जिससे माल यातायात में तेजी आएगी।

धनबाद कोचिंग डिपो में कोच की बाहरी सफाई के लिए ऑटोमैटिक कोच वाशिंग प्लांट स्थापित किया गया है।

मंडल में पहली बार पाथरडीह एवं बरवाडीह वैगन सिक लाइन में वैगन पुनरुद्धार कार्य प्रारंभ किया गया है। पाथरडीह सिक लाइन में “सी-केटेगरी” वैगनों के मरम्मत का कार्य भी जारी है। अब तक पाथरडीह डिपो में 497 बोक्सन वैगनों का “सी-केटेगरी” अनुरक्षण एवं 461 का पुनरुद्धार किया गया है।

पिछले वित्तीय वर्ष में रेल परिचालन सुरक्षा हेतु धनबाद मंडल के सात स्थानों पर हॉट बॉक्स डिटेक्टर लगाए गए, जिनसे डिब्बों की खराबी का पूर्वानुमान कर परिचालन बाधाएं कम की गईं।

पर्यावरण सरंक्षण एवं उर्जा की बचत

धनबाद रेल मंडल पर्यावरण सुधारों के लिए प्रतिबद्ध है, इसी क्रम में वित्तीय वर्ष 2025-26 में जुलाई माह के अंत तक 280 वर्ग मीटर भूमि में 49,000 पौधों का वृक्षारोपण किया जा चुका है।

खलारी, टोरी, पतरातू, राय, कृष्णशिला, शक्तिनगर और सिंगरौली में कुल 290 किलोवाट पॉवर क्षमता के ऑन ग्रिड और ऑफ ग्रिड रूफ टॉप सोलर प्लांट की स्थापना एवं कमीशनिंग पूरी की गई ।

यात्री सुविधा

यात्रियों की सुविधाओं के प्रति हमेशा सजग और निरंतर प्रयासरत रहा है एवं वित्तीय वर्ष में रिचुघुटा, लातेहार, अनपरा, झारोखास, म्योरपुर एवं पाथरडीह स्टेशनों पर उपरगामी पुल का निर्माण किया गया है।

गोमो स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए 2 लिफ्ट स्थापित की गई हैं।

धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म 1, 2 एवं 3 पर नए यात्री शेड बनाए गए हैं।

चौधरीबांध स्टेशन पर रैंप सहित FOB का निर्माण किया गया है।

अमृत भारत योजना के तहत हजारीबाग रोड स्टेशन में नया प्रतीक्षालय बनाया गया।

पारसनाथ, गोमोह (उत्तर), पहाड़पुर और कतरासगढ़ स्टेशनों पर प्रतीक्षालयों का सुधार किया गया।

बिल्ली, चोपन, टोरी, फुसरो, लातेहार, बरवाडीह आदि स्टेशनों‌ पर दिव्यांगजनों के लिए अनुकूल सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

चोपन, भंडारीदाह, हजारीबाग टाउन समेत कई स्टेशनों पर मानक रैंप बनाए गए।

प्रमुख स्टेशनों पर कैटरिंग एवं मल्टीपर्पस स्टॉल आवंटित किए गए।

वन स्टेशन वन प्रोडक्ट योजना के तहत 11 स्टेशनों पर स्टाल एवं 15 स्टेशनों पर ट्रॉली संचालित हैं।

यात्री सुविधा हेतु धनबाद मंडल से कोइम्बटूर, जम्मूतवी, चंडीगढ़, बंगलोर आदि के लिए विशेष गाड़ियां संचालित की जा रही है l

कर्मचारी कल्याण

इस वर्ष जुलाई 2025 तक 256 सामान्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं 76 असामान्य सेवानिवृत्त कर्मचारियों के आश्रितों को समापक भुगतान किया गया। साथ ही, अनुकंपा के आधार पर 47 आश्रितों को नियुक्ति प्रदान की गई।

जुलाई 2025 तक विभिन्न पदों पर कार्यरत 1,578 कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ दिया गया, जबकि 337 कर्मचारियों को MACP का लाभ प्रदान किया गया।

कर्मचारियों की शिकायतों (परिवादों) के निस्तारण हेतु मंडल के प्रमुख स्टेशनों और डिपो में परिवाद निवारण शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 1,433 से अधिक परिवाद प्राप्त हुए, और सभी का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

धनबाद में अंतर मंडल सांस्कृतिक प्रतियोगिता” का सफल आयोजन 05 एवं 06 जून 2025 को रेलवे ऑडिटोरियम, धनबाद में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में पूर्व मध्य रेल के सभी मंडलों एवं मुख्यालय की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी सांस्कृतिक प्रतिभा एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

धनबाद मंडल द्वारा 12 जुलाई 2025 को  रोज़गार मेला का सफल आयोजन किया गया एवं इस कार्यक्रम में 144 अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान की गई ।

मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर कुल 250 कर्मचारियों के लिए रेल आवास का निर्माण किया गया।

जलापूर्ति के लिए कतरासगढ़ स्टेशन एवं कॉलोनी में 2 HS पंप (15000 GPH) और कतरी डैम में  1 HS पंप (30000 GPH) लगाया गया।

कर्मचारियों को तत्काल कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से 11 निजी अस्पतालों के अनुबंध का विस्तार किया गया है। साथ ही, 05 नए निजी अस्पतालों को भी अनुबंधित किया गया है।

मंडल अस्पताल में  04 नए शिशु रेडिएंट वार्मर, 01 नई फोटोथेरेपी मशीन तथा 01 C-ARM फ्लूरोस्कोप विथ मोटराइज़्ड मेकेनिकल मोशन स्थापित किए गए हैं।

पैथोलॉजी विभाग में ऑटो-एनालाइज़र स्थापित किया गया है। साथ ही, पैथोलॉजी में पूरी तरह से स्वचालित बायोकेमिस्ट्री एनालाइज़र मशीन भी सफलतापूर्वक काम कर रही है।

यात्री सहायता तथा रेलवे परिसंपत्तियों की सुरक्षा

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा RP (UP) एक्ट के तहत कुल 223 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही, रेलवे एक्ट के तहत 12,902 (बारह हजार नौ सौ दो ) असामाजिक तत्वों को पकड़ा गया, जिनसे कुल ₹22,42,072/- (रु० बाईस लाख बयालीस हज़ार बहत्तर) का जुर्माना वसूल किया गया।

ऑपरेशन “आहट” के अंतर्गत 9 मानव तस्करों को गिरफ्तार करते हुए 62 नाबालिग लड़कों/लड़कियों, महिलाओं एवं वयस्कों को मानव तस्करी से मुक्त कराया गया।

ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा” के तहत यात्रियों के सामान की चोरी एवं नशा खुरानी जैसे अपराधों में संलिप्त 50 अपराधियों को गिरफ्तार कर आवश्यक कार्रवाई की गई।

ऑपरेशन “नार्कोस” के अंतर्गत 13 मामलों में कार्रवाई करते हुए लगभग ₹22,02,030 (रु० बाईस लाख दो हज़ार तीस)  मूल्य के मादक पदार्थ/अवैध सामग्री बरामद की गई तथा 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।

डीआर एम ने मान्यता प्राप्त ट्रेड यूनियन, एससी-एसटी एवं ओबीसी एसोसिएशन एवं भारत स्काउट एवं गाइड संगठन के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि रेल प्रशासन और कर्मचारियों के मध्य सौहार्दपूर्ण औद्योगिक संबंधों को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनके सहयोग से ही धनबाद मंडल, निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है और नई ऊँचाइयों को स्पर्श कर रहा है।

उन्होंने कहा कि यह समय आत्मसंतोष का नहीं, अपितु निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर होने का है। हमें अपनी वर्तमान उपलब्धियों से आगे बढ़ते हुए, और अधिक ऊर्जा, उत्साह एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहना है और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से संगठन को नई सफलताओं की ओर ले जाना है।

इस अवसर पर पूर्व मध्य रेल महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अध्यक्षा प्रिया मिश्र सहित महिला कल्याण संगठन, धनबाद मंडल की अन्य सदस्याएं, मंडल के अधिकारीगण, कर्मचारीगण एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top