

वरिष्ठ झामुमो नेता व अधिवक्ता कंसारी मंडल नहीं रहें, शोक में डूबा कोयलांचल
झारखंड आंदोलन में निभाई थी बड़ी भूमिका, सूंडी समाज का भी लंबे समय तक किया था नेतृत्व
डीजे न्यूज, धनबाद : झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता व धनबाद के वरिष्ठ अधिवक्ता कंसारी मंडल का सोमवार की रात असर्फी हॉस्पीटल धनबाद में निधन हो गया। वह वहां पिछले चार दिनों से भर्ती थे। उनके निधन की सूचना पाते ही पूरा काेयलांचल शोक में डूब गया। विभिन्न राजनीतिक पार्टियों व सामाजिक संगठनों के नेता व अधिवक्ता असर्फी हॉस्पीटल पहुंचने लगे। कंसारी मंडल सूंडी समाज के केंद्रीय अध्यक्ष थे। वह दो बार धनबाद बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रह चुके थे। झारखंड आंदोलन में बड़ी भूमिका निभाने वाले कंसारी मंडल झामुमो के केंद्रीय कमेटी के सदस्य व जिलाध्यक्ष रह चुके थे। झामुमो के टिकट पर वह धनबाद लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके थे। धनबाद के भाजपा विधायक राज सिन्हा, डुमरी के जेएलकेएम विधायक जयराम महतो, वरिष्ठ झामुमो नेता अमितेश सहाय, वयोवृद्ध पत्रकार वनखंडी मिश्रा, वरिष्ठ अधिवक्ता देवी शरण सिन्हा, भाजपा के पूर्व ग्रामीण जिलाध्यक्ष व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ज्ञान रंजन सिन्हा, भाजपा नेत्री तारा देवी, नीलकंठ रवानी, अधिवक्ता विदेश दां आदि ने गहरी संवेदना जाहिर की है। लोगों ने कंसारी मंडल के निधन को कोयलांचल के लिए बड़ा नुकसान बताया है।
