विविध खबरें:-

विविध खबरें:-

 

मानकों की अनदेखी पर संवेदक को दोबारा करना पड़ा 100 फीट नाली का निर्माण

 

डीजे न्यूज, धनबाद:  नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत विकास कार्यों में गुणवत्ता और प्राक्कलन की अनदेखी करने वालों पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सिंदरी नगर निगम कार्यालय के समीप चल रहे नाली निर्माण कार्य में तय मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नगर निगम के अधिकारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 100 फीट निर्मित नाली को तुड़वा दिया।

 

निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि संवेदक प्रहलाद यादव द्वारा कराया जा रहा निर्माण कार्य स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं था। गुणवत्ता में गंभीर खामियां मिलने पर सहायक अभियंता सौरव प्रभात और कनीय अभियंता कार्तिक उपाध्याय की प्रत्यक्ष मौजूदगी में स्थल पर ही पहले से निर्मित नाली के घटिया हिस्से को ध्वस्त कराया गया। 

 

कनीय अभियंता कार्तिक उपाध्याय ने कहा कि जिला प्रशासन का स्पष्ट आदेश है कि विकास योजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

 

उन्होंने बताया कि कार्रवाई के बाद संबंधित एजेंसी को निर्धारित प्राक्कलन, मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप नए सिरे से 100 फीट नाली का निर्माण करना पड़ा।

 

वहीं नगर निगम प्रशासन ने सभी संवेदकों को कड़ा संदेश दिया है कि निर्माण कार्यों में लापरवाही या प्राक्कलन के उल्लंघन पर सीधी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

———————————————

 

सेठ सुखीराम बालिका विद्यालय के मुख्य द्वार से हटा कचरा

 

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर गोविंदपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी जहीर आलम ने सेठ सुखीराम बालिका विद्यालय के मुख्य द्वार के पास जमा कचरे की सफाई कराई। जेसीबी की मदद से विद्यालय के मुख्य द्वार के पास जमा करीब 40 ट्रैक्टर कचरा हटाया गया। 

 

लंबे समय से कचरा जमा रहने के कारण विद्यालय के छात्राओं, शिक्षकों एवं आसपास के लोगों को परेशानी हो रही थी।

 

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अनंत प्रिया ने इसकी शिकायत उपायुक्त से की थी। उन्होंने विद्यालय परिसर के आसपास जमा कचरे को साफ कराने का अनुरोध किया था। 

 

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने गोविंदपुर के प्रखंड विकास पदाधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने सफाई अभियान शुरू कराया। सहायक अभियंता अरुण कुमार, शिव कुमार दास, मिहिर गोराई एवं ज्ञानी आलोक के साथ वे जेसीबी लेकर विद्यालय पहुंचे। इसके बाद जेसीबी से मुख्य द्वार के पास जमा कचरे को हटाने का काम शुरू किया गया।

 

कचरा हटाए जाने के बाद विद्यालय के मुख्य द्वार के आसपास का क्षेत्र एकदम साफ सुथरा हो गया। इससे विद्यालय आने-जाने वाले छात्राओं और शिक्षकों को भी राहत मिली। विद्यालय प्रबंधन ने इसके लिए उपायुक्त का आभार प्रकट किया।

 

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top