

विस्थापन आयोग बिना आवाज वाला झुनझुना : चंपई सोरेन
झारखंड के करोड़ों लोगों को कर कटौती का मिलेगा सीधा लाभ

मेरे आंदोलन के कारण नगड़ी में बैकफुट पर आई हेमंत सरकार
धनबाद में फिर से कोयला-लोहा तस्करी का शुरू हो गया खेल : राज सिन्हा
डीजे न्यूज, धनबाद : भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा है कि हेमंत सोरेन की सरकार ने जो तीन साल के लिए विस्थापन आयोग बनाया है, वह बिना आवाज वाला झुनझुना है। इस आयोग से विस्थापितों का कुछ भी भला नहीं होने वाला है। चंपई सोरेन ने यह बातें शनिवार को यहां सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहीं। वह भाजपा की आेर से जीएसटी में सुधार से आम लोगों को होने वाले फायदे की जानकारी देने पहुंचे थे। इस मौके पर धनबाद के विधायक राज सिन्हा एवं झरिया की विधायक रागिनी सिंह मुख्य रूप से मौजूद थीं।
पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी 2.0 के तहत जो दो कर दरों का प्रावधान किया है, उसका सीधा फायदा झारखंड के करोड़ों जनता को होगा। इससे वस्तुओं पर करों में भारी कमी होगी। किसान, निम्न और मध्यम वर्ग को सबसे अधिक लाभ होगा। कारण, खाने-पीने और दैनिक जीवन की अधिकांश वस्तुओं पर 12 की जगह अब मात्र पांच फीसद जीएसटी लगेगी। साथ ही इससे अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। आम लोगों की खरीदारी की ताकत बढ़ेगी। उन्होंने विस्तार से यह जानकारी दी कि किन-किन चीजों की जीएसटी की दर घटी है।
वहीं धनबाद के विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जीएसटी की दरों में जो कटौती हुई है, उसका फायदा आम लोगों को लागू होने की तिथि से मिले, इस पर केंद्र सरकार के साथ-साथ भाजपा भी नजर रखेगी।
चंपई सोरेन ने कहा कि ऐसी व्यवस्था की गई है कि विस्थापन आयोग की सिफारिशों को मानने के लिए राज्य सरकार बाध्य नहीं है। फिर, इसका क्या फायदा होगा। दरअसल यह आई वाश के सिवा कुछ भी नहीं है। उन्होंने दावा किया कि उनके आंदोलन के कारण नगड़ी में हेमंत सरकार को बैकफुट पर आना पड़ा। सरकार भले ही उन्हें घर पर कैद कर रखी लेकिन उनके आह्वान पर किसान वहां घुस गए और धान भी रोप दिए।
घाटशिला विधानसभा उप चुनाव के बारे में कहा कि भाजपा से कौन प्रत्याशी होगा, यह वह नहीं बल्कि पार्टी तय करेगी। अपने बेटे बाबूलाल सोरेन को फिर से घाटशिला में उतारने के सवाल पर भी वह चुप्पी साधे रहे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कब मिलेगा, इसका भी जवाब नहीं दिया। कहा-यह पार्टी तय करेगी।
धनबाद में फिर से कोयला-लोहा तस्करी का शुरू हो गया खेल : राज सिन्हा
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद में फिर से कोयला और लोहा तस्करी का खेल खुलेआम शुरू हो गया है। खनिज संपदा की लूट से सरकार और देश को नुकसान हो रहा है।
इनकी थी उपस्थिति
महानगर अध्यक्ष श्रवण सिंह, महामंत्री मानस प्रसून, सत्येंद्र कुमार, शेखर सिंह, सत्येंद्र मिश्रा, जिला मंत्री सह मीडिया संयोजक पंकज सिन्हा, जिला उपाध्यक्ष अजय निषाद, विष्णु त्रिपाठी, जिला मीडिया सह प्रभारी पंकज सिन्हा, भाजयुमो अध्यक्ष नित्यानंद मंडल, शांतनु चंद्रा, तमाल राय।
