

विष्णु भैया को गुरुजी पुत्र समान मानते थे : चमेली देवी

जामताड़ा के पूर्व विधायक की पत्नी पहुंचीं नेमरा, दिशोम गुरु को दी श्रद्धांजलि
डीजे न्यूज, रामगढ़ : झारखंड आंदोलन के महानायक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शिबू सोरेन (गुरुजी) के निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है। मंगलवार को जामताड़ा के पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु भैया की धर्मपत्नी एवं झामुमो की वरिष्ठ नेत्री चमेली देवी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक गांव नेमरा पहुंचीं और परिजनों से मिलकर संवेदना प्रकट की।
मुख्यमंत्री और परिजनों से मिलते समय भावुक हुईं चमेली देवी की आंखों में आंसू थे। उन्होंने कहा कि गुरुजी, विष्णु भैया को अपने पुत्र समान मानते थे। राजनीति के हर मोड़ पर उनका स्नेह और मार्गदर्शन हमें मिला। जामताड़ा पहली बार विधायक बनने के बाद जब राज्य में संवैधानिक संकट आया, तब बीजेपी से विधायक होने के बावजूद विष्णु भैया ने जामताड़ा की सीट गुरुजी के लिए छोड़ी और भारी मतों से उन्हें जीत भी दिलाई। इसके बाद विष्णु भैया, गुरुजी के आशीर्वाद से पुनः झामुमो से विधायक बने। चमेली देवी ने याद किया कि कैसे विषम परिस्थितियों में भी गुरुजी ने झारखंड की अस्मिता, अधिकार और पहचान के लिए संघर्ष जारी रखा। गुरुजी सिर्फ एक नेता नहीं, बल्कि लाखों-करोड़ों दिलों की धड़कन थे। उनका जाना हमारे लिए पिता के साए के खो जाने जैसा है।
