



विनोद सिंह-राजकुमार यादव ने एक साथ भाजपा पर बोला हमला

महेंद्र सिंह के 21वें बलिदान दिवस पर 16 जनवरी को बगोदर में होगी संकल्प सभा
डीजे न्यूज, बिरनी(गिरिडीह) : विधायक स्वर्गीय महेंद्र सिंह के 21वें बलिदान दिवस के अवसर पर बगोदर में संकल्प सभा आयोजित करने का आह्वान किया गया है। बलिदान दिवस एवं संकल्प सभा की तैयारी को लेकर भाकपा (माले) जिला स्टेंडिंग कमेटी की बैठक पार्टी कार्यालय बिरनी में सम्पन्न हुई।
बैठक की शुरुआत स्वर्गीय शेख बिहारी एवं टिकेत उमरांव सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। बैठक में पार्टी के राज्य सचिव मनोज भक्त, बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह एवं राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित थे।
वक्ताओं ने बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा की सोची-समझी रणनीति के तहत बगोदर विधायक स्वर्गीय महेंद्र सिंह के विरुद्ध अमर्यादित टिप्पणी कर गरीबों, किसानों, दलितों, मजदूरों एवं शोषितों की आवाज को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि इसका मुकम्मल जवाब देने के लिए क्षेत्र के गरीब, किसान और मजदूरों ने ठान लिया है कि वे संविधान विरोधी भाजपा जैसी सम्प्रदायिक ताकतों को बताएंगे कि महेंद्र सिंह कौन थे।
बैठक में पार्टी ने यह भी तय किया कि स्वर्गीय महेंद्र सिंह गरीबों की आवाज थे और उनकी विरासत को हर हाल में बचाया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि बगोदर के पांच मजदूरों की आठ माह बाद भी वतन वापसी नहीं होना केंद्र सरकार पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। इसके साथ ही झारखंड के छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति राशि नहीं दिए जाने, स्थानीय विधायकों की चुप्पी, मइया सम्मान योजना एवं अबुआ आवास योजना में गरीब किसानों को वंचित किए जाने, बालू के नाम पर लूट-खसोट और सहारा इंडिया में जमा गरीबों की राशि मोदी सरकार द्वारा वापस नहीं किए जाने जैसे कई मुद्दों को उठाया गया।
इन तमाम सवालों को लेकर पार्टी ने संकल्प लिया कि गरीब, किसान और मजदूरों के सवालों पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। साथ ही इस बार 25 हजार की संख्या में बगोदर में गोलबंदी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला सचिव अशोक पासवान ने की। बैठक में पार्टी के उस्मान अंसारी, सीताराम सिंह, परमेश्वर महतो, भोला मंडल, शेखर सुमन, रामेश्वर चौधरी, राजेश सिन्हा, सकलदेव यादव, मीणा दास, कौशल्या देवी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।




