
विज्ञान प्रदर्शनी में कस्तूरबा बालिका विद्यालय बागसुमा तो क्विज में मध्य विद्यालय कुरची के छात्र रहे अव्वल
डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर प्रखंड संसाधन केंद्र की ओर से बेसिक स्कूल परिसर में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी एवं क्विज का आयोजन किया गया। क्विज में मध्य विद्यालय कुरची के विद्यार्थी प्रथम रहे। इनमें ज्योति कुमारी, संगीता कुमारी, सुमित कुमार महतो एवं पीयूष कुमार महतो शामिल थे। विज्ञान प्रदर्शनी में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बागसुमा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रदर्शनी में शमा परवीन, नीतू कुमारी, रवीना मुर्मू एवं किरण कुमारी का प्रदर्शन सर्वश्रेष्ठ रहा। बीईईओ विनोद कुमार पांडेय तथा बीपीओ दीपक कुमार एवं प्रमोद कुमार की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता की निर्णायक मंडली में देवनारायण पांडेय, किरण कुमारी, विश्वनाथ मंडल एवं ब्रजेश कुमार शामिल थे। इसमें प्लस टू उच्च विद्यालय नगर कियारी, प्लस टू उच्च विद्यालय बिराजपुर, मॉडल स्कूल गोविंदपुर, बेसिक स्कूल गोविंदपुर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय गरगरो, मध्य विद्यालय जयनगर, उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिमराटांड़ व मध्य विद्यालय आसन बनी के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीमों को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेना होगा।