

विज्ञान प्रदर्शनी में एक से बढ़कर एक मॉडल बनाकर बच्चों ने मनवाया लोहा
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): पूर्व राष्ट्रपति एवं भारत रत्न प्राप्त महान वैज्ञानिक डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम आजाद के जन्मदिवस एवं विश्व छात्र दिवस के शुभ अवसर पर बुधवार को न्यू किड्स गार्डन स्कूल में विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में क्लास 4 , 5 एवं 6 को ए ग्रुप और क्लास 7, 8 को बी ग्रुप में रखा गया।
नवाचार कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों ने अपने विभिन्न प्रकार के मॉडल को प्रदर्शित किया और अपने विचारों को रखा।
विज्ञान प्रदर्शनी में क्लास 4 से शिवम शर्मा की टीम , क्लास 5 से सुमन कुमारी की टीम, क्लास सिक्स से शाहीद की टीम और क्लास सिक्स के फलक ने विज्ञान प्रदर्शनी में अपने मॉडल प्रस्तुत किया।
ग्रुप बी में क्लास 7 की माही वर्मा की टीम और व्यक्तिगत रूप से क्लास 7 के हनीफा फातिमा क्लास 8 के अनुकल्प की टीम, क्लास 8 की ही साक्षी ग्रुप एवं क्लास 8 की आरती ग्रुप ने अपने अपने मॉडल को प्रदर्शित किया। क्लास नाइन के इशिका की टीम और क्लास 10 की सुनैना और कृष्ण की टीम ने एक से बढ़कर एक विज्ञान के मॉडल को प्रस्तुत किया।
निर्णायक मंडली में एसएन गुप्ता, सतपाल सिंह ,सीमा सिंह , शहनाज बानो, सुल्ताना परवीन, कंचन कुमारी ,चंदन चक्रवर्ती और प्राचार्य विजय कुमार दुबे शामिल थे।
प्रत्येक मॉडल को अधिकतम 10 अंक दिया गया। प्राप्त अंकों के आधार पर ग्रुप ए में प्रथम स्थान क्लास सिक्स के शहीद को मिला। उन्होंने 75 अंक प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर क्लास 4 के शिवम की टीम रही, जिसे 56 अंक मिले और तृतीय स्थान पर क्लास 5 के सुमन केसरी की टीम आई जिसे 51 अंक मिले।
ग्रुप बी में क्लास 7 की फातिमा को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ, उसे कुल 71 अंक मिले। द्वितीय स्थान पर क्लास 8 के अनुकल्प की टीम रही, उनके टीम को 66 अंक प्राप्त हुए और तृतीय स्थान पर इशिका की टीम रही उन्हें कुल 64 अंक मिले।
प्राचार्य विजय कुमार दुबे ने एक से बढ़कर एक मॉडल बनाने के बच्चों के प्रयास की काफी सराहना की। प्राचार्य ने बताया कि विद्यालय हमेशा इस प्रकार के क्रिएटिव कार्यक्रमों को आयोजित करता है , ताकि बच्चों में विज्ञान की सोच विकसित हो सके और वे अपनी परिकल्पनाओं को मूर्त रूप दे सके।
हवा के दबाव से चलने वाले क्रेन, हवा के दबाव से चलने वाली कार, कार के सेंसर से जलने वाले स्ट्रीट बल्ब को सभी शिक्षकों का बेहद प्रोत्साहन एवं प्रशंसा प्राप्त हुआ।
उन्होंने विज्ञान प्रदर्शनी में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बाल दिवस के अवसर पर पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र देने की घोषणा की।
