
विधायक शत्रुघ्न ने राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर सरकार को घेरा
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद) : झारखंड विधानसभा के सत्र में सोमवार को बाघमारा के विधायक शत्रुघ्न महतो ने राज्य में बिगड़ती लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति पर सरकार को घेरा। उन्होंने पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआर एंड डी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि झारखंड में प्रति एक लाख आबादी पर मात्र 196 पुलिस बल हैं, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर 300 पुलिस बल प्रति लाख की आवश्यकता मानी गई है। उन्होंने इस भयावह स्थिति की ओर इशारा करते हुए कहा कि राज्य में कम से कम 20,000 पुलिस बलों की तत्काल आवश्यकता है। पुलिस की कमी के कारण कर्मचारियों को 8 घंटे के बजाय 18 से 20 घंटे तक ड्यूटी करनी पड़ती है, जिससे उनकी कार्यक्षमता प्रभावित हो रही है।विधायक ने सरकार को याद दिलाया कि झारखंड में ए एस आइ पदोन्नति मिलने के बाद भी पद रिक्त रह जाते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था और कमजोर होती जा रही है। इसका सीधा फायदा अपराधियों को मिल रहा है, जिनका मनोबल लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि राज्य में पुलिस अधिकारियों (डीएसपी) पर हमले बढ़ रहे हैं, जो दर्शाता है कि झारखंड में पुलिस बल की भारी कमी है। उन्होंने मांग किया कि सरकार अतिशीघ्र 4919 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज करे और राज्य की कानून-व्यवस्था को सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए। विधायक ने कहा कि अगर सरकार जल्द से जल्द इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं करती है, तो आम जनता की सुरक्षा को लेकर और भी गंभीर स्थिति उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार को पुलिस बल में नई भर्तियां जल्द से जल्द करनी चाहिए, ताकि राज्य में अपराधियों के बढ़ते हौसले को रोका जा सके और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस करे।