



विधायक शत्रुघ्न ने कंचनपुर में बांटे कंबल

पानी की समस्या का होगा निदान: विधायक
डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): कंचनपुर पंचायत के कंचनपुर गांव में शनिवार को कंबल वितरण किया गया। बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने 60 जरूरतमंदों को कंबल प्रदान किया। उन्होंने कहा कि असहाय व जरूरतमंद की सेवा ही मानवता की सच्ची सेवा है। अगर किसी को कंबल नहीं मिला है तो घबराने की जरूरत नहीं है। छूटे हुए लोगों को भी कंबल उपलब्ध कराई जाएगी।
पानी की समस्या का होगा निदान
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने गांव में व्याप्त पानी की समस्या से विधायक को अवगत कराया। साथ ही न्यू प्राथमिक विद्यालय कंचनपुर में चहारदीवारी निर्माण कराने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया।
विधायक शत्रुघ्न ने कहा कि जनता की जो भी समस्या है, प्राथमिकता के साथ उसका निदान किया जाएगा। जल्द ही डीप बोरिंग या पाइप लाइन के जरिए इस गांव में पानी उपलब्ध कराया जाएगा। स्कूल में चहारदीवारी का भी निर्माण कराया जाएगा। विधायक ने कहा कि इस गांव के समीप स्थित कतरी नदी के ऊपर पुल का निर्माण करवाया गया है ताकि लोगों को भेलाटांड़, कपुरिया आने-जाने में सहूलियत हो।

मौके पर भाजपा के सिनीडीह मंडल अध्यक्ष सोनू श्रीवास्तव, जिप प्रतिनिधि जितेश रजवार, भाजपा नेता टिंकू तिवारी, आरएसएस के राकेश त्रिगुनाइत, मनोज पासवान, अरूण बाउरी, भोला बाउरी, उत्तम बाउरी, दिलीप बाउरी, मधु बाउरी, अजय बाउरी आदि उपस्थित थे।




