
विधायक राज ने कहा आदिवासी अस्मिता की रक्षा की आवाज उठाने वाले वीरों की भूमि पर सत्ता का अहंकार व दमन हावी
डीजे न्यूज, धनबाद:
अमर शहीद सिदो कान्हू की जन्मस्थली भोगनाडीह में हुल दिवस पर वंशजों एवं जनजातीय समाज के लोगों पर पुलिस के द्वारा लाठी चार्ज एवं आंसू गैस के गोले छोड़ने की घटना को धनबाद विधायक राज सिन्हा ने निंदनीय एवं शर्मनाक बताया है। विधायक ने कहा कि हूल दिवस जैसे ऐतिहासिक दिन पर सिदो कान्हू की पवित्र भूमि भोगनाडीह में झामुमो-कांग्रेस की झारखंड सरकार की तानाशाही हावी रही। जिस भूमि से आदिवासी अस्मिता की गूंज उठी थी, उसी भूमि पर आज सत्ता का अहंकार और दमन देखा गया। इतिहास को अपमानित किया जा रहा है। झारखंड की हेमंत सरकार का असली चेहरा जनता के सामने है। श्रद्धेय सिदो कान्हू, चाँद भैरव एवं फूलो झानो के वंशजों को अपने पूर्वजों की पूजा करने से रोका जाना दुर्भाग्यपूर्ण है और जब आदिवासी समाज ने इसका विरोध किया तो उन पर बर्बरता दिखाते हुए पुलिस ने लाठी चार्ज किया। आंसू गैस के गोले छोड़े ग ए।
यह घटना अत्यंत शर्मनाक है।
भाजपा महानगर अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि हूल की हुंकार से आजादी की मशाल जलाने वाले वीरों की धरती पर बेकसूर आदिवासी भाइयों को पूजा करने से रोका गया। यह हेमंत सरकार की सबसे शर्मनाक तस्वीर है। इसकी कड़ी शब्दों में निंदा करता हूं।
जिला महामंत्री मानस प्रसून, धनेश्वर महतो, उपाध्यक्ष बीरेंद्र हाँसदा एवं जिला मंत्री सह मीडिया संयोजक पंकज सिन्हा ने कहा कि झारखंड सरकार का यह कृत्य अत्यंत घटिया एवं शर्मनाक है। हम कड़े शब्दों में इसकी निंदा एवं भर्त्सना करते है। निंदा करने वालों में जिला उपाध्यक्ष शेखर सिंह, महेश पासवान, प्रियंका देवी, नरेंद्र त्रिवेदी, अभिमन्यु कुमार, बच्चा गिरी, राजाराम दत्ता, किशोर मंडल , निर्मल प्रधान आदी हैं।