



विधायक चंद्रदेव ने सदन में उठाया रिया कुमारी का मामला
विधायक ने जिम्मेवार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद):सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो ने शनिवार को सदन में सरकार के कई महत्वपूर्ण विभागों के अनुदान मांगों के पक्ष में बोलते हुए इस पर कई सवाल भी उठाए । विधायक ने सिंदरी थाना कांड संख्या 06/ 2026 में नारी सुधार गृह में 13 फरवरी 2026 से बंद रिया कुमारी के मामले को जोरदार ढंग से उठाया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि रिया कुमारी के परिजन आज भी चिंतित हैं कि आखिर वह भाग गई या फिर उसे भगाया गया। इस पर पुलिस को संज्ञान लेते हुए जिम्मेवार लोगों पर कार्रवाई करने की मांग की।
वहीं विधायक ने चंदनकियारी के मामरकुदुर गांव में दलितों को उनके जाति के नाम पर की गई मारपीट की घटना, चैनपुर में रितु कुमारी की मौत की घटना के अलावा रामगढ़ सिमरिया आदि स्थानों पर घटी घटनाओं का जिक्र करते हुए राज्य की पुलिसिंग व्यवस्था पर सवाल उठाया। विधायक ने बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था के लिए नियमित प्रशिक्षण की मांग की। दूसरी ओर विधायक ने निरसा गोविंदपुर उत्तर दक्षिण जलापूर्ति योजना के अधूरे पड़े होने का मामला भी उठाया कहा कि उक्त महत्वपूर्ण योजनाओं को श्रीराम ईपीसी कंपनी द्वारा की जा रही है। इसके पूर्व बलियापुर में भी उक्त कंपनी द्वारा जलापूर्ति योजना का कार्य किया गया, लेकिन अभी तक अधूरा है। इसके अलावा राज्य के सात जिलों में इस कंपनी का कार्य चल रहा है। विधायक ने कहा कि उक्त कंपनी द्वारा बलियापुर में किए गए जलापूर्ति योजना की जांच चल रही है तथा उक्त कंपनी को काली सूची में डालने की प्रक्रिया भी जारी है।



