विधानसभा में गूंजा पेयजल संकट का मुद्दा, राज सिन्हा ने सरकार को घेरा

Advertisements

विधानसभा में गूंजा पेयजल संकट का मुद्दा, राज सिन्हा ने सरकार को घेरा

डीजे न्यूज, धनबाद : झारखंड विधानसभा में बुधवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा ने राज्य में बढ़ते पेयजल संकट पर सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि धनबाद समेत पूरे झारखंड में जल संकट गहराता जा रहा है, लेकिन सकार अब तक ठोस कदम उठाने में विफल रही है।
“छह साल बाद भी जलापूर्ति अधूरी, जनता त्रस्त”
विधायक सिन्हा ने कहा कि धनबाद में जलापूर्ति योजना छह वर्ष पहले शुरू हुई थी, लेकिन अब तक केवल 5,129 घरों को ही कनेक्शन मिला है, जबकि लक्ष्य 76,000 घरों को पानी उपलब्ध कराना था।

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “शेष हजारों परिवारों को पानी कब मिलेगा? जल आपूर्ति योजनाओं की धीमी प्रगति से जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।”
“एनओसी का बहाना बनाकर की जा रही देरी”
विधायक सिन्हा ने कहा कि नगर विकास विभाग हर बार पेयजल योजनाओं की देरी के लिए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) का बहाना बनाता है।
उन्होंने कहा, “15 जनवरी को एनएचएआई ने एनओसी जारी कर दी थी, फिर भी अन्य विभागों से एनओसी लेने में इतनी देरी क्यों हो रही है?” उन्होंने नगर विकास मंत्री से जलापूर्ति योजनाओं की डेडलाइन तय करने की मांग की।
“मंत्री धनबाद आकर धरातल की सच्चाई देखें”
विधायक सिन्हा ने नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को धनबाद आने और जलापूर्ति परियोजनाओं की स्थिति का निरीक्षण करने का निमंत्रण दिया।
उन्होंने कहा, “सरकार द्वारा दिए जा रहे जवाब भ्रामक हैं। वास्तविक स्थिति इससे बिल्कुल अलग है।”
“समिति गठित कर समस्या का हो समाधान”
विधायक सिन्हा ने सुझाव दिया कि संसदीय कार्य मंत्री या नगर विकास मंत्री की अध्यक्षता में सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ अधिकारियों की एक संयुक्त समिति बनाई जाए, जो जलापूर्ति परियोजनाओं की निगरानी करे और एनओसी जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान निकाले।
नगर विकास मंत्री ने समिति गठन का दिया आश्वासन
विधायक सिन्हा की मांगों पर सहमति जताते हुए नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने रामनवमी के बाद धनबाद के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ एक संयुक्त कमेटी बनाकर समस्या का समाधान निकालने की घोषणा की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top