वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक सिदो-कान्हू को मुख्यमंत्री ने किया नमन, कहा– झारखंड वीरों की धरती

Advertisements

वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक सिदो-कान्हू को मुख्यमंत्री ने किया नमन, कहा– झारखंड वीरों की धरती

डीजे न्यूज, रांची :

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने हूल विद्रोह के महानायक वीर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती के अवसर पर मोरहाबादी स्थित सिदो-कान्हू उद्यान पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके साथ विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन भी मौजूद रहीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि झारखंड वीरों की भूमि रही है, जहां अनेक महान सपूतों ने जन्म लेकर जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि आदिवासी और मूलवासी समुदाय ने अपने हक-अधिकार के लिए उस समय से लड़ाई लड़ी, जब देश में आजादी की सोच भी स्पष्ट नहीं थी।

मुख्यमंत्री ने वीर शहीद सिदो-कान्हू के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अन्याय, शोषण और अत्याचार के खिलाफ ऐतिहासिक बिगुल फूंका था। उनका संघर्ष आज भी समाज को साहस, स्वाभिमान और अधिकारों के लिए लड़ने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि सिदो-कान्हू जयंती का दिन भारतीय इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इस दिन लोग उनकी प्रतिमा, जन्मस्थली और शहादत स्थल पर पहुंचकर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं और उनके आदर्शों को याद करते हैं।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज पूरे देश के लोग, विशेषकर आदिवासी समाज, गर्व महसूस करता है कि ऐसे महान वीरों ने इस धरती पर जन्म लिया और समाज को नई दिशा देने का काम किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top