

























































वाजपेयी के विकसित भारत के सपनों के साथ मोदी बढ़ रहे आगे : अन्नपूर्णा देवी
भाजपा ने लेदा में किया अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन

डीजे न्यूज, गिरिडीह : गांडेय विधानसभा के लेदा मंडल अंतर्गत लेदा दुर्गा मंदिर प्रांगण में बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रुप में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शामिल हुई। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष महादेव दुबे व संचालन जिला महामंत्री महेंद्र वर्मा कर रहे थे। इस दौरान प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा भी थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने राष्ट्र के विकास के लिए कृत संकल्पित होकर काम किया। विपक्ष के लोग भी उनका सम्मान करते थे। परमाणु परीक्षण और स्वर्णिम चतुर्भुज योजना की शुरुआत अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ। कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के विकसित भारत के संकल्प को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे है। उनके विकसित भारत के सपनों के साथ पीएम मोदी आगे बढ़ रहे है। युवा, महिला, किसानों के विकास के लिए पीएम मोदी काम कर रहे है। कहा कि अलग झारखंड राज्य अटल बिहारी वाजपेयी की देन है। इसके लिए झारखंड के लोग उनके ऋणी है। सांसद प्रतिनिधि सुरेश मंडल ने कहा कि भारत रत्न देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी हम सभी देशवासियों के लिए आदर्श है। वाजपेयी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से देश के सभी गांवों को शहर की प्रमुख सड़कों से जोड़ने का कार्य किया। देश को परमाणु शक्ति से संपन्न देश बनाने का गौरव भी अटल बिहारी वाजपेयी को ही जाता है। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक उपाध्याय, यदुनंदन पाठक, विनय कुमार सिंह, सुरेश मंडल, उषा कुमारी, संगीता सेठ, मंडल अध्यक्ष मनोज पांडेय, मनोहर यादव, रघुनंदन कुशवाहा, सौरव मिश्रा, नरेश साव, नारायण पांडेय, भागीरथ मंडल, शिव कुमार यादव, प्रकाश सिंह, ममता वर्मा, नीतू सिंह, राजेश सिंह आदि थे।



