



उपायुक्त ने किया मकतपुर हाई स्कूल का औचक निरीक्षण

पारदर्शी एवं कदाचार मुक्त परीक्षा सुनिश्चित करने को लेकर दिए दिशा-निर्देश
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में आयोजित मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा संचालित है। परीक्षा के सुचारु संचालन एवं व्यवस्थाओं को लेकर जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने मकतपुर हाई स्कूल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परीक्षा संचालन की निगरानी व्यवस्था का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने केंद्राधीक्षक, वीक्षक एवं परीक्षा कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारियों एवं शिक्षकों को परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ संपन्न कराने का निर्देश दिया। इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के दौरान झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों एवं नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा को कदाचार मुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाए तथा परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण उपलब्ध कराया जाए। आगे उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान केंद्रों के आसपास सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।




