



टुंडी में शिक्षक ने मासूम छात्रा से की छेड़छाड़, महिलाओं ने बंधक बना की पिटाई 
थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक को लिया हिरासत में, जेल भेजने की तैयारी
डीजे न्यूज, टुंडी(धनबाद) : दक्षिणी टुंडी के एक सरकारी विद्यालय में एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां पदस्थापित शिक्षक संजीव कुमार पर स्कूल में एक तीन साल की मासूम छात्रा से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। आक्रोशित ग्रामीणों जिसमें अधिकांश महिलाएं थी ने उक्त शिक्षक को बंधक बनाकर जमकर पिटाई की। सूचना पाकर टुंडी थाना प्रभारी दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाबुझा कर शिक्षक को मुक्त कराया। पुलिस शिक्षक संजीव कुमार को थाना ले गई। पीड़ित परिवार की ओर से थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत पर कड़ी कार्रवाई होगी।
ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक संजीव कुमार जो देवघर के मोहनपुर निवासी हैं ने एक दिन पूर्व मंगलवार को स्कूल में गांव की एक बच्ची जो करीब तीन साल की है, पढ़ने की आदत डालने के लिए स्कूल पहुंची थी के साथ छेड़छाड़ किया था। मंगलवार की रात सोते समय जब मां अपनी उस मासूम बच्ची को तेल लगा रही थी, तो उसके शरीर में जख्म देखी। पूछने पर बच्ची ने अपनी मां को सारी बातें बता दी। इसके बाद दूसरे दिन बुधवार की सुबह जब शिक्षक स्कूल पहुंचा तो गांव के लोग उग्र हो गए और उसकी पिटाई कर दी। इधर सूचना पाकर टुंडी थानेदार मौके पर पहुंचे और शिक्षक को छुड़ाकर थाना ले गए। पीछे-पीछे दर्जनों ग्रामीण भी पीड़ित बच्ची और उसके परिजनों के साथ थाना पहुंच गए।



