



टुंडी में ऑटो में जब्त मांस की मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जांच, वीडियोग्राफी 
डीजे न्यूज, टुंडी, धनबाद :
धनबाद के टुंडी से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ ग्रामीणों की सतर्कता ने एक संदिग्ध गतिविधि का भंडाफोड़ किया है। टुंडी-गोविंदपुर मुख्य मार्ग पर टुंडी थाना अंतर्गत संग्रामडीह के पास सोमवार देर शाम ग्रामीणों ने वाहन संख्या JH 11AG- 8117 को संदिग्ध सामग्री ले जाते हुए पकड़ा। हालांकि ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, लेकिन ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। ऑटो से उठ रही भारी दुर्गंध ने इलाके में हड़कंप मचा दिया।
पुलिस और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे ऑटो की सघन जांच की गई। इस मौके पर मजिस्ट्रेट सह टुंडी अंचल अधिकारी सुरेश प्रसाद वर्णवाल, प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी दिलीप कुमार महतो, भ्रमणशील पशु चिकित्सा पदाधिकारी सुमन कुमारी और थाना प्रभारी उमाशंकर मौजूद रहे।
अधिकारियों की देखरेख में मांस और हड्डियों के 5 अलग-अलग प्रकार के नमूने लिए गए हैं
जो फोरेंसिक लैब भेजा गया है ताकि यह पुष्टि हो सके कि मांस प्रतिबंधित पशु का है या नहीं।
वही वाहन का विवरण DTO (जिला परिवहन पदाधिकारी) को भेज दिया गया है और आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने साफ कर दिया है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद इस मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस फरार ड्राइवर और इस तस्करी के पीछे के मास्टरमाइंड की तलाश में जुट गई है।



