टुंडी के मछुआरे की महाराष्ट्र में समुद्र में डूबने से मौत

Advertisements

टुंडी के मछुआरे की महाराष्ट्र में समुद्र में डूबने से मौत

 

 परिजन और गांव में कोहराम, कम्पनी पर मदद न देने का आरोप

टुंडी : टुंडी थाना क्षेत्र के लोधरिया स्थित बाउरी टोला के 34 वर्षीय प्रवासी मजदूर जगरनाथ बाउरी की महाराष्ट्र के ठाणे में समुद्र में मछली मारने के दौरान बोट से गिरने से डूबने से मौत हो गई। घटना मंगलवार दोपहर की बताई जा रही है। देर रात बोट कंपनी ने परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद गांव में कोहराम मच गया। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय प्रशासन को इस घटना की आधिकारिक सूचना नहीं पहुंच पाई है।

जानकारी के अनुसार जगरनाथ करीब नौ साल से समाधान बोट कंपनी में काम कर रहा था। तीन माह पूर्व ही वह अपने छोटे भाई को भी इसी काम पर साथ लेकर गया था। मंगलवार दोपहर मछली मारने के क्रम में जगरनाथ बोट से समुद्र में गिर गया और पानी में डूबकर उसकी मृत्यु हो गई। उसके साथ कुल मिलाकर पांच लोग तथा उसका सगा भाई भी मौजूद था। मृतक का शव कंपनी की ओर से ट्रेन से बुधवार की रात भेजे जाने की सूचना परिजनों को दी गई है। परिजन शव का इंतजार कर रहे हैं। उन्हें बताया गया है कि शव शुक्रवार तक धनबाद पहुंचेगा।

पारिवारिक हालात व्यथित करने वाले हैं। मृतक की पत्नी सवित्री देवी, बेटा राज (10 वर्ष) एवं छोटा पुत्र शिवम (8 वर्ष) गम्भीर दुख में हैं। मृतक की मां बुनी देवी अपनी आंखें नम किए अपने बेटे के शव के आने का इंतजार कर रही हैं। परिजनों का कहना है कि कंपनी ने किसी भी तरह का आर्थिक सहयोग करने से साफ मना कर दिया। जब गांव वाले कंपनी पर दबाव बनाने लगे तो कंपनी केवल शव को ट्रेन से भेजने पर राजी हुई, परन्तु कोई वित्तीय सहायता नहीं दी गई। परिवार एवं ग्रामीणों ने प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। परिजनों का आरोप है कि घटना के 24 घंटे बीत जाने के बाद भी स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी क्षेत्र में घटना की खबर सुनने नहीं पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय प्रशासन ने वार्ता या सहायता की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से त्वरित हस्तक्षेप एवं मदद की मांग की है। इसमें मृतक के परिजनों के लिए तत्काल सहायता, शव परिवहन की शेष प्रक्रिया और कम्पनी द्वारा उठाये जाने वाले दायित्वों की स्पष्टता शामिल है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top