
ट्रांजिट शाखा के प्रधान लिपिक का निधन, शोक
डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय के पारनयन (ट्रांजिट) शाखा के प्रधान लिपिक कृष्णेंदु चौधरी के निधन पर मंगलवार को शोकसभा का आयोजन किया गया। दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। साथ ही ईश्वर से शोक संतृप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।
दिवंगत कृष्णेंदु पिछले कुछ दिनों से बीमार थे। इलाज के दौरान 9 फरवरी को सीएमसी वेल्लोर में उनका आकस्मिक निधन हो गया। दिवंगत को श्रद्धांजलि देते हुए उपायुक्त माधवी मिश्रा ने कहा कि वह एक कर्मठ, अनुशासन प्रिय एवं व्यवहार कुशल प्रधान लिपिक थे। सभी पदाधिकारी एवं सहकर्मियों के साथ उनका संबंध बहुत ही अच्छा था।
शोक सभा में एडीएम लॉ एंड ऑर्डर पीयूष सिन्हा, एडीएम सप्लाई जियाउल अंसारी, निदेशक डीआरडीए राजीव रंजन, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद, एनडीसी दीपक कुमार दुबे, कार्यपालक दंडाधिकारी नारायण राम, रविन्द्र कुमार ठाकुर, सहायक नगर आयुक्त प्रसून कौशिक के अलावा सभी कार्यालय के प्रधान लिपिक व कर्मचारी उपस्थित थे।