



ट्रैक्टर चालक की मौत के बाद खरखरी में मचा बवाल

तोड़फोड़, नकदी समेत आभूषण की लूट
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): खरखरी ओपी क्षेत्र के न्यू परसबनिया कॉलोनी के समीप रविवार दोपहर अवैध मिट्टी खनन के दौरान एक ट्रैक्टर चालक की संदेहास्पद मौत हो गई। मृतक की पहचान फुलारीटांड़ बस्ती निवासी विश्वनाथ रवानी उर्फ लाला रवानी के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके से दर्जनों ट्रैक्टर और एक जेसीबी चालक अपने-अपने वाहन लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आक्रोशित भीड़ ने मिट्टी खनन स्थल के समीप शिक्षक सरयू रविदास के घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की। उपद्रवियों ने घर में रखे फ्रीज, वाशिंग मशीन, पंखा, कुलर सहित घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। साथ ही सोने-चांदी के आभूषण और नगदी लगभग 40 हजार रुपये भी लूट लिए। उपद्रवियों के भय से शिक्षक ने अपनी पत्नी और पुत्र के साथ एक कमरे में बंद होकर जान बचाई। ग्रामीणों का आरोप था कि जिस जमीन पर अवैध मिट्टी खनन हो रहा था, वह शिक्षक की है। जबकि हकीकत यह है कि जमीन गैर-आबाद है। घटना से क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पाकर महुदा पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। शाम करीब 4:30 बजे बाघमारा विधायक शत्रुघन महतो भी घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों व पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा फरार ट्रैक्टर और जेसीबी चालकों की तलाश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक मृतक का शव घटनास्थल पर पड़ा हुआ था और परिजन, पुलिस व ट्रैक्टर मालिकों के बीच वार्ता जारी है।




