
तोपचांची प्रखंड कार्यालय में रंग-गुलाल और ढोल-नगाड़े के बीच मनी होली
डीजे न्यूज, तोपचांची(धनबाद) : तोपचांची प्रखंड सह अंचल कार्यालय में बुधवार को होली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में प्रमुख आनंद कुमार, बीडीओ एजाज हुसैन अंसारी, सीओ संजय कुमार सिंह, थाना प्रभारी डोमन रजक, विधायक प्रतिनिधि जगदीश चौधरी, सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी सहित सभी पदाधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए।
समारोह में पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी। ढोल-नगाड़ों की धुन पर सभी ने मस्ती में झूमकर ठुमके लगाए। महिला कर्मचारियों ने भी पूरे उत्साह के साथ होली के रंग में सराबोर होकर जश्न मनाया।
पदाधिकारियों ने उठाया पारंपरिक व्यंजनों का लुत्फ
होली मिलन समारोह के बाद पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने पारंपरिक व्यंजन पुआ-पूड़ी का भी स्वाद लिया। कार्यक्रम में सभी ने मिलकर आपसी सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर महेन्द्र रवानी, रामचंद्र ठाकुर सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। समारोह का माहौल पूरी तरह रंग-बिरंगा और उत्साहपूर्ण रहा।