तोपचांची के बांका पुल के समीप तीन वाहनों की भीषण टक्कर, ट्रक चालक व खलासी की मौत

तोपचांची के बांका पुल के समीप तीन वाहनों की भीषण टक्कर, ट्रक चालक व खलासी की मौत

डीजे न्यूज, तोपचांची, धनबाद : तोपचांची थाना क्षेत्र के साहुबहियार स्थित बांका पुल के समीप बुधवार सुबह नेशनल हाईवे पर तीन वाहनों की भीषण टक्कर में पश्चिम बंगाल निवासी आईसर ट्रक चालक मोहम्मद इस्लाम शाहजी एवं खलासी पिंटू दास की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद कुछ देर तक घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। दुर्घटना के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही तोपचांची थाना पुलिस एवं नेशनल हाईवे की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तारापीठ से रामगढ़ की ओर जा रही एक ऑल्टो कार की आगे चल रहे लोहा लदे ट्रक से हल्की टक्कर हो गई। इस घटना के बाद दोनों वाहन सड़क पर धीमी गति से खड़े हो गए । इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे आईसर ट्रक का चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और दुर्घटनाग्रस्त खड़े लोहा लदे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि आईसर ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक और खलासी ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि ट्रक का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही तोपचांची थाना प्रभारी लव कुमार दल बल के साथ घटनास्थल पर पंहुचे और नेशनल हाईवे प्रबंधन की टीम तथा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया जिसके बाद यातायात सामान्य हुवा ।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी मोहम्मद इस्लाम शाहजी और पिंटू दास के रूप में हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top