
तिसरी में युवक ने दी जान, जांच कर रही पुलिस
डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : तिसरी थाना क्षेत्र के पेसराटांड़ गांव में सोमवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 25 वर्षीय युवक अरुण सिंह ने जंगल में पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, अरुण सिंह सुबह-सवेरे घर से निकले और गांव के पास स्थित जंगल में चले गए। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उन्हें पेड़ से लटका देखा, जिसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया।
फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अरुण सिंह हैदराबाद में काम करते थे और करीब 20 दिन पहले ही गांव लौटे थे।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अरुण का किसी से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसमें दरार आने के बाद उन्होंने यह कदम उठाया। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि हैदराबाद से लौटने के बाद से ही वह मानसिक रूप से परेशान दिख रहे थे।
घटना के दिन अरुण रोज की तरह सुबह उठा, नदी की ओर गया और लौटने के बजाय जंगल की ओर चला गया, जहां उसने पेड़ पर रस्सी बांधकर फांसी लगा ली।
इस दुखद घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की गहराई से जांच की मांग की है, ताकि आत्महत्या के पीछे की सच्चाई सामने आ सके।