तिसरी में ट्रेंच कटाई कर रही जेसीबी पर पथराव, तनाव

Advertisements

तिसरी में ट्रेंच कटाई कर रही जेसीबी पर पथराव, तनाव

 

वन विभाग के खिलाफ लोगों में है भारी रोष

डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : तिसरी प्रखंड अंतर्गत गुमगी पंचायत के लेवड़िया टांड़ में बुधवार को उस समय तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब वन विभाग द्वारा ट्रेंच कटाई के लिए पहुंची जेसीबी मशीन पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। पथराव की घटना में जेसीबी मशीन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया, लेकिन उसका मोबाइल फोन पूरी तरह टूट गया।बताया जाता है कि पिछले कई दिनों से वन विभाग द्वारा गुमगी मौजा के लेवड़िया टांड़ में ट्रेंच काटने का कार्य किया जा रहा था, जिसका स्थानीय ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि बिना उनकी सहमति और स्पष्ट जानकारी के यह कार्य कराया जा रहा है। बुधवार को विरोध उग्र हो गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने जेसीबी मशीन पर पथराव कर दिया। इस संबंध में रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा वनभूमि पर अतिक्रमण कर खेती की जा रही है। उनके पास जमीन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या कोर्ट से स्टे ऑर्डर नहीं है। उन्होंने बताया कि पूर्व में ट्रेंच कटाई को लेकर ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने के बाद गुमगी के पांच लोगों का एक शिष्टमंडल बनाया गया था। वन प्रमंडल कार्यालय में बैठक भी हुई थी, जिसमें आपसी समझौता हुआ था कि जिस खेत में ग्रामीण खेती कर रहे हैं, वहां कलमी आम के पेड़ लगाए जाएंगे। इसकी देखरेख ग्रामीण करेंगे और आम का व्यवसाय भी वही करेंगे। रेंजर के अनुसार, समझौते के बावजूद बुधवार को ट्रेंच काटने पहुंची जेसीबी पर पथराव किया गया। इधर जिला अध्यक्ष रामकुमार राउत ने दूरभाष पर बताया कि बैठक हुई थी और समझौता भी हुआ था। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने वनपाल को सूचित किया था कि वे पहले एक और बैठक करेंगे, उसके बाद ही ट्रेंच कटाई की अनुमति देंगे।हालांकि किसी कारणवश बैठक नहीं हो सकी। आगे की स्थिति की उन्हें पूरी जानकारी नहीं थी।

घटना की सूचना मिलते ही तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में क्षतिग्रस्त जेसीबी मशीन को तिसरी बिट कार्यालय लाया गया। रेंजर अनिल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना वरीय पदाधिकारी को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top