



तिसरा में बैलेट बॉक्स सील करने में देरी, डेढ़ घंटे बाद रवाना हुई पोलिंग पार्टी
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : नगर निगम चुनाव के तहत झरिया विधानसभा के तिसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मतदान केंद्र संख्या 223 पर वोटिंग प्रक्रिया समाप्त होने के बाद बैलेट बॉक्स को सील करने में कर्मचारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। मतदान समाप्ति के बाद करीब डेढ़ घंटे तक पोलिंग पार्टी के सदस्य बॉक्स को सील करने में जुटे रहे।
बताया गया कि शाम लगभग 6:30 बजे काफी मशक्कत के बाद बैलेट बॉक्स को सफलतापूर्वक सील किया जा सका। इस दौरान सूचना मिलने पर भाकपा माले के जिला सचिव बिंदा पासवान भी मतदान केंद्र पर पहुंचे। उन्होंने मांग की कि बैलेट बॉक्स को विधिवत सील कर ही आगे भेजा जाए। कुछ देर बाद सभी के प्रयास से बॉक्स को सील कर दिया गया।
इसके बाद पोलिंग पार्टी संबंधित दोनों बूथों के बैलेट बॉक्स लेकर धनबाद के लिए रवाना हो गई।
वहीं तीसरा, घनुडीह, कुजामा, लोदना आदि क्षेत्रों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न होने से प्रशासन और मतदाताओं ने राहत की सांस ली। मतदान प्रतिशत की बात करें तो बूथ संख्या 223 पर लगभग 60 प्रतिशत, बूथ 224 पर 33 प्रतिशत तथा बूथ 225 पर करीब 47 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।





