ठाकुर अनुकूलचंद्र जी के विचारों पर चलने की जरूरत
बलियापुर की खबरें
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : बलियापुर के मोदीडीह स्थित सत्संग केंद्र में रविवार को मासिक सत्संग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रार्थना सभा, वाणी पाठ, संगीत एवं भंडारा का आयोजन किया गया। मौके पर वक्ताओं ने श्री श्री ठाकुर अनुकूलचंद्र जी की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए उनके विचारों पर चलने की जरूरत बताई। इस अवसर पर डॉक्टर नारायण चंद्र महतो, एसके दास, सीएल महतो, दिलीप गोप, अमित पांडे, विनोद बिहारी महतो, शीला महतो, करुणा महतो, ललित महतो, गीता देवी आदि मौजूद थे।
भाकपा माले की आमझर पंचायत कमिटी गठित
क्षेत्र के कुसमाटांड़ स्थित शहिद गुरदास भवन में आज रविवार को आमझर पंचायत के भाकपा माले कार्यकर्ताओं की बैठक संपन्न हुई। बैठक में आमझर पंचायत भाकपा माले की शाखा कमेटी का गठन किया जिसमें मिथुन कालिंदी सचिव एवं रविंद्र कालिंदी सह सचिव बनाये गए। इसके अलावा खुरशीद अंसारी, बबलू अंसारी, दिलीप रवानी, उत्तम मंडल, संतोष कालिंदी आदि को सदस्य के रूप में चयन किया गया। बैठक में मुख्य रूप से गणेश महतो संतोष रवानी राजेश रविदास आदि मौजूद थे।
बलियापुर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति का पुनर्गठन
बलियापुर सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति की बैठक रविवार को बलियापुर हटिया परिसर स्थित हरि मंदिर प्रांगण में संपन्न हुई। बैठक में विगत दुर्गा पूजा, चड़क पूजा, लक्ष्मी पूजा, हरि कीर्तन आदि कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। बैठक में सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमेटी को भंग कर नई कमेटी का गठन किया गया जिसमें परिमल दां अध्यक्ष,आशीष पाल एवं कार्तिक भंडारी उपाध्यक्ष, दीपक कुमार गोराई सचिव एवं मोहन गोराई को कोषाध्यक्ष बनाया गया। बैठक में घनश्याम ग्रोवर, बाबूलाल धीवर, विजय गोराई, मनीष अग्रवाल, रवींद्र वर्मा, जितेश अग्रवाल, शत्रुघ्न महतो आदि मौजूद थे।
मोटर खराब होने से बेलगड़िया टाउनशिप के कई इलाके में जलापूर्ति ठप
क्षेत्र के बेलगड़िया टाउनशिप के फेस वन कॉलोनी के दो नंबर टंकी का मोटर खराब हो जाने से कॉलोनी में जलापूर्ति ठप पड़ गया है जिससे कॉलोनी के लोगों को पानी के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार कॉलोनी के फेस वन के दो नंबर टंकी का मोटर खराब होने के बाद नया मोटर लगाया गया किंतु उक्त मोटर भी खराब हो गया। जिससे कॉलोनी के 64 ब्लॉकों में जलापूर्ति नहीं हो पा रही है। जलापूर्ति ठप पड़ जाने 200 से भी अधिक परिवार पानी के लिए परेशान है। यह भी मालूम हो कि हाल ही में कॉलोनी में जलापूर्ति ठप पड़ने से क्षुब्ध कॉलोनी वासियों ने खाली बर्तन के साथ प्रदर्शन किया था। लोगों ने जल्द से जल्द खराब मोटर को दुरुस्त कर जलापूर्ति चालू कराने की मांग की है।
आमटाल में जन्माष्टमी पर भव्य भगवती जागरण
क्षेत्र के आमटाल गांव में जन्माष्टमी के मौके पर शनिवार की रात बाल गोपाल चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भक्ति जागरण टीम के कलाकारों ने भगवान श्री कृष्णा की भक्ति से संबंधित एक से एक भक्ति गीत प्रस्तुत किए जिससे श्रोता मंत्र मुग्ध हो गए। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ो लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को संपन्न कराने में बाल गोपाल चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्यों का योगदान रहा।
मंत्री सुदिव्य सोनू के निधन पर शिक्षक नेताओं ने जताया गहरा शोक
झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आकस्मिक निधन पर झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ बलियापुर में शोक की लहर दौड़ गई। मंत्री के निधन पर झारखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के आदित्य प्रसाद मिर्धा, सपन कुमार महतो, परितोष घोषाल, संजय महतो आदि ने गहरा शोक व्यक्त किया है।