























































तेतुलमारी गोलीकांड: गिरफ्तारी की मांग को ग्रामीणों ने थाना में किया बवाल

डीजे न्यूज, तेतुलमारी(धनबाद): तेतुलमारी थाना क्षेत्र के शक्ति चौक के समीप स्थित पेट्रोल पंप के पास शनिवार देर रात किराना स्टोर संचालक अर्जुन महतो को अपराधियों ने गोली मारी थी। इस घटना के विरोध में तथा अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर रविवार को ग्रामीणों ने तेतुलमारी थाना में जमकर बवाल मचाया।
जख्मी अर्जुन के गांव तिलाटांड़ के ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। मामला बिगड़ता देख कतरास अंचल निरक्षक मुकेश चौधरी, कतरास थाना प्रभारी असित सिंह, राजगंज प्रभारी अलिसा कुमारी, अंगारपथरा प्रभारी परवीन कुमार सहित कई थानों की पुलिस तेतुलमारी पहुंची। अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ वार्ता की। अधिकारियों ने
जल्द ही अपराधियों को धर दबोचने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए और वापस घर लौट गए।
जख्मी के पिता ने दी शिकायत
अपराधियों की गोली से जख्मी अर्जुन महतो के पिता गेंदू महतो ने थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अज्ञात बाइक सवार अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। शिकायत में कहा है कि अर्जुन और वह राशन दुकान बंद कर तिलाटांड़ स्थित आवास जा रहे थे। इसी दौरान पेट्रोल पंप के पास दो बाइक पर सवार अपराधियों ने फायरिंग कर दी। गोली अर्जुन को लगी और बाइक से दोनों सड़क पर गिर गए। शिकायतकर्ता ने साल भर पहले भी हमला करने का जिक्र किया है।



