

























































तेतलमारी मुठभेड़ :
जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी है जख्मी भानु

हत्या, रंगदारी और फायरिंग करना भानु का पेशा : एसएसपी
धनबाद-बोकारो-जमशेदपुर में दर्जनों मामले हैं दर्ज : एसएसपी
पुलिस के रडार पर था भानु, नाइन एमएम का पिस्टल बरामद, तिलाटांड़ जंगलों में अन्य अपराधियों की तलाश जारी
तरूण कांति घोष, कतरास(धनबाद): तेतुलमारी थाना क्षेत्र के तिलाटांड़ पहाड़ी में मंगलवार अहले सुबह करीब पांच बजे पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में जख्मी भानु मांझी को इलाज के लिए असर्फी अस्पताल धनबाद में भर्ती कराया गया है। जख्मी भानु जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी है। यह वही भानु है जिसकी तलाश धनबाद पुलिस रविवार रात से कर रही थी।
ऎसे हुई मुठभेड़
भानु मांझी बाइक पर सवार होकर राजगंज-तेतुलमारी मुख्य सड़क पर जा रहा था। अहले सुबह तेतुलमारी थाना की गश्ती पुलिस ने तिलाटांड़ पहाड़ी के पास बाइक को रूकने का इशारा किया। इसी बीच बाइक सवार ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग करना शुरू कर दिया। पुलिस की गोली से भानु जख्मी हो गया।

दर्जनों मामले दर्ज
जख्मी भानु जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी है। उसका पेशा रंगदारी मांगना, हत्या और फायरिंग करना है। बीते सितंबर माह में राजगंज पेट्रोल पंप पर हुई गोलीबारी की घटना में भी भानु की संलिप्तता थी। वह प्रिंस खान गिरोह के लिए भी काम करता है। भानु के खिलाफ जमशेदपुर, धनबाद तथा बोकारो में दर्जनों मामले दर्ज है।

भानु के 12 सहयोगी जेल में
रविवार रात धनबाद पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में छापामारी की थी। छापामारी के क्रम में पुलिस ने 12 अपराधियों को गिरफ्त में लिया था। गिरफ्तार अपराधी प्रिंस खान गिरोह के साथ साथ जमशेदपुर के भानु मांझी गिरोह के लिए भी काम किया करता था। इन अपराधियों की गिरफ्तारी के बाद से ही पुलिस की नजरें भानु मांझी पर थी।

9 एमएम का पिस्टल बरामद
मुठभेड़ के बाद सर्च अभियान के दौरान पुलिस ने एक बाइक, खून से सना चप्पल तथा 9 एमएम का पिस्टल बरामद किया है। तिलाटांड़ पहाड़ी के जंगल में जख्मी भानु के अन्य साथियों के छिपे होने की आशंका में पुलिस सर्च ऑपरेशन चला रही है।
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे और तहकीकात की। एसएसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों से आवश्यक जानकारी हासिल कर निर्देश दिए।
मौके पर डीएसपी विधि व्यवस्था नौशाद आलम, बाघमारा एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार सिंह के अलावा तेतुलमारी थानेदार विवेक कुमार चौधरी, कतरास थानेदार असित कुमार सिंह सहित अन्य थानेदार भी कैंप किए हुए हैं।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि भानु मांझी के खिलाफ दर्जनों मामले दर्ज है। राजगंज पेट्रोल पंप की घटना में भी उसका हाथ है। उसके 12 सहयोगियों को धनबाद पुलिस जेल भेज चुकी है।



