
टाटा स्टील डिगवाडीह क्लब में मना सावन उत्सव,
अग्नि शिखा बनी सावन क्वीन, एम्प्रेस का खिताब दिव्या ठाकुर को
डीजे न्यूज, झरिया, धनबाद:
टाटा स्टील झरिया डिवीजन की महिलाओं ने डिगवाडीह ऑफिसर्स क्लब में सावन उत्सव धूमधाम से मनाया। समारोह में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पूरे उत्साह और उल्लास के साथ भाग लिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि रुचि नरेंद्रन की उपस्थिति और सहयोग, साथ ही विशिष्ट अतिथियों डी. बी. शैलजा, नमिता पांडेय तथा सुनीता राजोरिया की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
नृत्य, संगीत की सजी महफिल
सावन महोत्सव को उत्साह और रंगारंग कार्यक्रमों के साथ भव्य रूप से मनाया गया। इस दौरान नृत्य और संगीत की महफिल सजी।
मंडला और लिप्पन आर्ट प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम की खास आकर्षण रही मंडला और लिप्पन आर्ट प्रदर्शनी, साड़ी से गाउन ड्रेपिंग जैसे अभिनव फैशन शो और मिनिएचर गार्डन प्रतियोगिता। सस्टेनेबिलिटी के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिलाओं द्वारा प्लास्टिक की बोतलों के रचनात्मक उपयोग पर आधारित एक विशेष प्रतियोगिता आयोजित की गई। इस अवसर पर टाटा स्टील परिवार के उन सदस्यों की पत्नियों को भी सम्मानित किया गया, जिनके पति इस वर्ष सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं। वर्षों से टाटा स्टील परिवार से जुड़े रहने के लिए उन्हें आभार और सम्मान के साथ विशेष रूप से सराहा गया।
अग्नि शिखा बनी सावन क्वीन
अग्नि शिखा को सावन क्वीन 2025 का खिताब प्राप्त हुआ, जबकि एम्प्रेस 2025 का खिताब दिव्या ठाकुर ने अपने नाम किया। सावन क्वीन की उपविजेता मोनिका भट रहीं और एम्प्रेस की उपविजेता का खिताब लक्ष्मी सिंह ने प्राप्त किया।
झरिया डिवीजन की सभी महिलाओं के साथ-साथ वेस्ट बोकारो एवं रॉ मैटेरियल फैमिली के ओएमक्यू डिवीजन की महिलाओं की भागीदारी ने इस कार्यक्रम की शोभा को और भी बढ़ा दिया।