ताराटांड़ जंगल में नकली शराब का खेल उजागर, भारी मात्रा में स्प्रिट व बोतलें बरामद

ताराटांड़ जंगल में नकली शराब का खेल उजागर, भारी मात्रा में स्प्रिट व बोतलें बरामद

डीजे न्यूज, धनबाद : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली अंग्रेजी शराब बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। शुक्रवार देर रात गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने साधोबाद गांव के समीप ताराटांड़ जंगल में छापेमारी की।

छापेमारी के दौरान पुलिस को जंगल में नकली अंग्रेजी शराब तैयार करने का पूरा सामान मिला। मौके से भारी मात्रा में कच्चा स्प्रीट, विभिन्न नामी अंग्रेजी शराब ब्रांड के रैपर, खाली बोतलें, ढक्कन के अलावा दर्जनों पेटियों में पैक कर बिक्री के लिए रखी गई नकली शराब की बोतलें बरामद की गईं।

बताया जा रहा है कि घने जंगल और सुनसान इलाके का फायदा उठाकर अवैध कारोबारी लंबे समय से नकली अंग्रेजी शराब तैयार कर उसकी सप्लाई कर रहे थे। पुलिस की भनक लगते ही अंधेरे का फायदा उठाकर कारोबारी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने बरामद सभी सामान को जब्त कर थाना ले आई है। फरार आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top