



स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना प्राथमिकता : रामनिवास यादव

मतगणना स्थल बाजार समिति पहुंचे उपायुक्त, तैयारियों का लिया जायजा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर निकाय चुनाव के तहत मतगणना कार्य को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने गुरुवार को मतगणना स्थल बाजार समिति परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतगणना केंद्र पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने स्पष्ट कहा कि मतगणना प्रक्रिया लोकतंत्र का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है, अतः इसमें किसी प्रकार की लापरवाही या त्रुटि की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने मतगणना हॉल की व्यवस्था, टेबलों की संख्या, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक टेबल पर नियुक्त मतगणना कर्मियों की सूची स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए तथा सभी कर्मियों को पूर्व में दिए गए प्रशिक्षण के अनुरूप कार्य करने के लिए पुनः ब्रीफ किया जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मतगणना केंद्र के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। केवल वैध पासधारी व्यक्तियों मतगणना कर्मी, प्रत्याशी, उनके अधिकृत एजेंट एवं अधिकृत मीडिया प्रतिनिधि को ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। बिना अनुमति किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश न करने दिया जाए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों से सील की स्थिति, सीसीटीवी निगरानी एवं सुरक्षा गार्ड की तैनाती के संबंध में जानकारी ली। निर्देश दिया गया कि स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न हो और मतगणना प्रारंभ होने से पूर्व सभी प्रत्याशियों या उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया जाए। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया को सुव्यवस्थित रखने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि प्रत्येक राउंड की गणना के बाद परिणामों को विधिवत रूप से संकलित किया जाए तथा निर्धारित प्रपत्र में दर्ज किया जाए। किसी भी प्रकार की शंका या आपत्ति की स्थिति में संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा नियमानुसार निर्णय लिया जाए। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक चरण की जानकारी समय-समय पर अधिकृत माध्यम से साझा करने का निर्देश भी दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि मतगणना कार्य में लगे सभी पदाधिकारी और कर्मी पूर्ण निष्पक्षता एवं जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन निकासी मार्ग की भी समीक्षा की और निर्देश दिया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहें। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि मतगणना केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए आवश्यकतानुसार रूट डायवर्जन एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए। साथ ही, अफवाहों पर नियंत्रण रखने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं के प्रसार पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के अंत में उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतगणना सुनिश्चित करना है। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि निर्वाचन प्रक्रिया का अंतिम चरण सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासनिक टीम के सामूहिक प्रयास से मतगणना कार्य सुचारू रूप से संपन्न होगा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की गरिमा अक्षुण्ण बनी रहेगी। उपायुक्त के साथ उप विकास आयुक्त भी थीं।




