स्वीकृति के बाद भी डेढ़ साल से ठप है आईएमएस रोड चिल्ड्रन पार्क का जीर्णोद्धार

Advertisements

स्वीकृति के बाद भी डेढ़ साल से ठप है आईएमएस रोड चिल्ड्रन पार्क का जीर्णोद्धार

सामाजिक कार्यकर्ता सुनील खंडेलवाल ने प्रशासन की कार्यशैली पर उठाए सवाल 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : शहर के आई एम एस रोड स्थित चिल्ड्रन पार्क के जीर्णोद्धार का मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है। सामाजिक रूप से सक्रिय नागरिक सुनील कुमार खंडेलवाल ने बताया कि उन्होंने दो सितंबर 2024 को झारखंड सरकार के समक्ष इस पार्क के जीर्णोद्धार के लिए आवेदन दिया था। उक्त आवेदन के आलोक में संबंधित विभाग की ओर से उन्हें यह जानकारी दी गई थी कि पार्क के जीर्णोद्धार का प्रस्ताव स्वीकृत कर लिया गया है और शीघ्र ही निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कार्य प्रारंभ किया जाएगा।

 हैरानी की बात यह है कि लगभग डेढ़ वर्ष बीत जाने के बाद भी इस दिशा में जमीनी स्तर पर कोई भी ठोस कार्रवाई प्रारंभ नहीं हो सकी है। स्वीकृति के बावजूद कार्य प्रारंभ न होना प्रशासनिक कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। खंडेलवाल ने कहा कि आईएमएस रोड का चिल्ड्रन पार्क क्षेत्र के बच्चों, युवाओं और आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थल है, लेकिन वर्षों से उपेक्षा के कारण इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। यदि स्वीकृत योजनाएं भी धरातल पर नहीं उतरेंगी तो आम जनता का सरकारी तंत्र से विश्वास उठना स्वाभाविक है।

उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले में अविलंब हस्तक्षेप करते हुए निविदा प्रक्रिया पूरी कर जीर्णोद्धार कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के बच्चों और नागरिकों को एक बेहतर सार्वजनिक पार्क उपलब्ध हो सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top