सुशासन से ही अंत्योदय का मार्ग हुआ प्रशस्त : बाबूलाल 

Advertisements

सुशासन से ही अंत्योदय का मार्ग हुआ प्रशस्त : बाबूलाल 

तिसरी में अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती पर आयोजित समारोह में शामिल हुए मरांडी 

डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह : पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 101वीं जयंती के अवसर पर तिसरी प्रखंड मुख्यालय स्थित गोल्डन फ्यूचर पब्लिक स्कूल में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री सह धनवार विधायक एवं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने दीप प्रज्वलित कर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें बुके भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी जी अपने ध्येय और विचारों के प्रति सदैव अटल रहे। उन्होंने विकसित और स्वाभिमानी भारत का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए सुशासन पर बल दिया, जिसका सीधा संबंध अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच से है। अटल जी ने सुशासन के माध्यम से अंत्योदय का मार्ग प्रशस्त किया।”

उन्होंने आगे कहा, “अटल बिहारी वाजपेयी ने केवल झारखंड को अलग राज्य का दर्जा ही नहीं दिया, बल्कि जनजातीय समाज के तीव्र विकास के लिए अलग मंत्रालय का गठन किया और संताली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कर आदिवासी समाज को सम्मान दिलाया।”

बाबूलाल मरांडी ने अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि कांग्रेस ने लंबे समय तक देश पर शासन किया, लेकिन गांवों के विकास की दिशा में ठोस पहल नहीं हुई, जबकि अटल सरकार ने गांव-गांव तक सड़कों का निर्माण कर देश के विकास को नई दिशा दी।

कार्यक्रम में जिला के पूर्व अध्यक्ष अशोक उपाध्याय ने झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकुड़ में खुलेआम गौमांस की बिक्री हो रही है। उन्होंने कहा कि यदि झारखंड में भाजपा की सरकार होती तो राज्य में इस तरह की गतिविधियां नहीं होतीं।

समारोह के दौरान अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण करते हुए उनकी कविताओं का पाठ किया गया। वहीं गोल्डन फ्यूचर पब्लिक स्कूल के बच्चों ने स्वागत गीत एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष महादेव दुबे, तिसरी मंडल अध्यक्ष सुनील शर्मा, चंदौरी मंडल अध्यक्ष सुनील साव, भाजपा नेता एवं बाबूलाल मरांडी के करीबी रामचंद्र ठाकुर, उदय साव सहित तिसरी और गावां क्षेत्र के सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top