ससुराल से लापता विवाहिता का शव कुएं में मिला, हत्या की जताई जा रही आशंका

Advertisements

ससुराल से लापता विवाहिता का शव कुएं में मिला, हत्या की जताई जा रही आशंका

डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : बिरनी थाना क्षेत्र के माखमरगो पंचायत अंतर्गत बंगराखुर्द-घोसके गांव में गुरुवार शाम एक पक्के कुएं से 20 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर उमड़ पड़े।

जानकारी के अनुसार, शाम के समय ग्रामीण खेतों में मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान एक पक्के कुएं से दुर्गंध आने पर जब लोग पास पहुंचे तो पानी में एक महिला की लाश तैरती हुई दिखाई दी। यह दृश्य देखकर गांव में सनसनी फैल गई और लोगों ने तुरंत बिरनी थाना को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ धनंजय राम, पुलिस निरीक्षक ज्ञान रंजन, बिरनी थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज एवं एएसआई शम्भु सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कुएं से निकालने की कोशिश शुरू कर दी।

नीमाटांड निवासी सुमित्रा देवी होने का परिजनों ने किया दावा

शव की पहचान सरिया थाना क्षेत्र के नीमाटांड गांव निवासी सुनील यादव की पत्नी सुमित्रा देवी (उम्र 20 वर्ष) के रूप में की जा रही है। घटनास्थल पर पहुंचे सुमित्रा देवी के पिता लखन यादव (साकिन प्रधानडीह, थाना धनवार) ने शव की पहचान अपनी पुत्री के रूप में की और दावा किया कि उनकी बेटी की हत्या कर कुएं में फेंक दिया गया है।

उन्होंने बताया कि 2 जून की सुबह करीब 8 बजे उनकी बेटी अपने ससुराल से लापता हो गई थी। लगभग एक घंटे बाद दामाद सुनील यादव ने फोन कर बताया कि सुमित्रा घर से गायब हो गई है और दोनों के बीच हल्की कहासुनी हुई थी। उसी दिन सुनील यादव ने सरिया थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।

पुलिस कर रही है जांच, पोस्टमार्टम के बाद होगा मौत का खुलासा

पुलिस ने शव को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। एएसआई शम्भु सिंह ने कहा कि शव की पहचान व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह मामला हत्या है, आत्महत्या या फिर दुर्घटनावश मौत का।

फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और परिजनों के आरोपों को भी ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top