सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बच्चियों को लगेगा एचपीवी का टीका

Advertisements

सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बच्चियों को लगेगा एचपीवी का टीका

देवघर उपायुक्त ने सिविल सर्जन को माइक्रोप्लान का दिया निर्देश 

डीजे न्यूज, देवघर : जिले में सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं महिला स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में डिस्ट्रिक्ट टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में HPV टीकाकरण अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सदर अस्पताल एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में टीकाकरण की समुचित तैयारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सिविल सर्जन को 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बच्चियों के लिए ठोस माइक्रोप्लान तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि अभियान सुचारू रूप से संचालित हो सके।

बैठक में बताया गया कि टीकाकरण 30 मार्च से प्रारंभ होगा और पहले तीन महीने तक कैंप मोड में संचालित किया जाएगा। यह टीका पूरी तरह सुरक्षित होगा और बच्चियों को उनके अभिभावकों की सहमति के बाद ही लगाया जाएगा।

उपायुक्त ने शिक्षा एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय के साथ व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं आईसीडीएस के माध्यम से अभिभावकों को सर्वाइकल कैंसर के खतरे और HPV वैक्सीन के महत्व के बारे में जानकारी दी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की भ्रांति को दूर किया जा सके।

साथ ही उन्होंने प्रशिक्षण, कोल्ड चेन, मॉनिटरिंग, लॉजिस्टिक्स, इंजेक्शन सेफ्टी एवं मोबिलाइजेशन जैसे सभी आवश्यक पहलुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि लक्षित आयु वर्ग की शत-प्रतिशत बच्चियों को इस टीकाकरण से आच्छादित किया जाए।

बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, सिविल सर्जन डॉ रमेश कुमार, शिक्षा विभाग के अधिकारी, एम्स के प्रतिनिधि, डीएमएफटी टीम, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी, डीपीएम नीरज भगत सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक एवं कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top