
सरकारी तालाब पर अवैध कब्जे का मामला : मंडरो पंचायत में तालाब को मिट्टी से भरने पर विवाद
ग्रामीणों ने जताया विरोध, मत्स्य विभाग से की शिकायत
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ प्रखंड के मंडरो पंचायत में एक सरकारी तालाब को मिट्टी से भर दिए जाने की घटना ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। आरोप है कि एक स्थानीय व्यक्ति ने तालाब को निजी भूमि बताकर जेसीबी मशीन से पाट दिया, जिससे तालाब पूरी तरह मिट गया है। मामले को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश है।
बताया गया कि खाता संख्या 70 व प्लॉट संख्या 277 में दर्ज यह तालाब वर्षों से मत्स्य पालन और जलसंचयन के लिए उपयोग में लाया जाता रहा है। हर साल इसका पंजीकरण होता था और मत्स्य विभाग द्वारा मछली छोड़ी जाती थी।
इस वर्ष अचानक बिना किसी सूचना व स्वीकृति के तालाब को समतल कर दिया गया, जिससे न सिर्फ जल स्रोत समाप्त हो गया, बल्कि गांव की सिंचाई व्यवस्था और जलापूर्ति पर भी संकट गहरा गया है।
मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने आपात बैठक कर विरोध जताया और जिला मत्स्य पदाधिकारी के पास शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीणों का कहना है कि यह तालाब गांव की सार्वजनिक संपत्ति है और इसे निजी बताकर खत्म करना न केवल कानून का उल्लंघन है बल्कि जनहित के खिलाफ भी बड़ा अपराध है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर तालाब की पूर्व स्थिति बहाल करने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।