



सरिया में महिला की मौत के बाद हंगामा
गलत इलाज के आरोप लगाकर परिजनों ने लगाया जाम

डीजे न्यूज, सरिया(गिरिडीह) : हजारीबाग जिले के चलकुशा (चौबे) निवासी पूरण महतो की 50 वर्षीय पत्नी अंजनी देवी की गुरुवार को मौत हो गई। मृतका का इलाज सरिया के बागोडीह मोड़ स्थित उमा पॉलीक्लिनिक में चल रहा था, जहां डॉक्टर अशोक मोदी उन्हें मलेरिया बुखार का इलाज दे रहे थे। इलाज 27 दिसंबर से जारी था। 07 जनवरी की देर रात महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। चलकुशा से सरिया लाने के क्रम में रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन सरिया पहुंचे। कुछ जनप्रतिनिधियों ने मौत का कारण डॉक्टर द्वारा गलत इलाज बताया और विवेकानंद रोड स्थित क्लिनिक के पास शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। यह जाम सुबह 9 बजे से करीब 10 बजे तक यानी एक घंटे तक चला। इस दौरान रांची-दुमका मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा और हंगामा हुआ। सूचना पर सरिया पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से समझा-बुझाकर जाम हटवाया।हालांकि, इसके बाद अचानक मृतका के पुत्र मनोज कुमार वर्मा ने किसी भी प्रकार का आंदोलन या हंगामा करने से इनकार कर दिया। उन्होंने सरिया थाना प्रभारी को लिखित आवेदन दिया, जिसमें कहा कि मौत को लेकर डॉक्टर पर कोई आरोप नहीं है और वे शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले जाना चाहते हैं। इसके बाद मनोज वर्मा सहित परिजन शव लेकर चलकुशा के लिए रवाना हो गए और सारा हंगामा समाप्त हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। क्लिनिक पक्ष का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं।



