
सरिया में कलश यात्रा के साथ 24 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का भव्य शुभारंभ
डीजे न्यूज, सरिया, गिरिडीह : पंचायत कोयरीडीह-पुरनीडीह में गुरुवार को 24 कुण्डीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। सुबह करीब 9 बजे शिव मंदिर, कोयरीडीह से 1008 माताओं एवं बहनों ने अपने माथे पर कलश रखकर शोभायात्रा निकाली। इस दौरान सैकड़ों महिला-पुरुष पीले वस्त्रों में सुसज्जित होकर यात्रा में शामिल हुए।
कलश यात्रा शिव मंदिर प्रांगण से शुरू होकर कोयरीडीह मेन रोड, पुरनीडीह होते हुए बराकर घाट पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा”, “मानव मात्र एक समान, एक पिता की सब संतान” जैसे जयघोष किए। यात्रा में बैंड-बाजे और आकर्षक सजावट ने भक्तिमय माहौल में चार चांद लगा दिए।
बराकर घाट पर मंत्रोच्चार के साथ हुई कलश जल भराई
जब कलश यात्रा बराकर घाट पहुंची तो पूरा घाट पीले वस्त्रधारियों से पट गया। वहां उपस्थित गायत्री पीठ, शांतिकुंज हरिद्वार से आए वैदिक विद्वानों ने मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरवाई। इसके बाद कलश यात्रा यज्ञ स्थल पहुंची, जहां कलश स्थापना की गई। यज्ञ स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, और पूरा परिसर वैदिक मंत्रों से गूंज उठा।
6 से 9 मार्च तक चलेगा महायज्ञ, विभिन्न संस्कार निःशुल्क
चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ के दौरान देव पूजन, वेदी पूजन, संगीतमय प्रवचन, हवन सहित मुंडन, नामकरण, पुंसवन आदि विविध संस्कार निःशुल्क कराए जाएंगे।
शांतिकुंज हरिद्वार से आए संतों द्वारा भारतीय अध्यात्म, वेद ज्ञान, जीवन शैली, सुखी और निरोग जीवन के उपाय जैसे विषयों पर प्रवचन दिए जाएंगे।
अनुष्ठान को सफल बनाने में जुटा गायत्री परिवार
महायज्ञ को सफल बनाने में गायत्री परिवार, शांतिकुंज हरिद्वार की टोली विशेष भूमिका निभा रही है।
टोली नायक: श्री बाल राम रत्न मूल
सहायक टोली नायक: दुर्गा प्रसाद हरि चंदन
गायक: गुण सागर राणा
वादक: दिलीप भृगु
अन्य सहयोगी: अरविंद गिरी, बुधन वर्मा, भुनेश्वर शास्त्री, सुखदेव ठाकुर, पंकज केशरी, विशेश्वर साव, राम प्रसाद नायक, कंचन देवी, लीलावती देवी, सीता देवी, कौशल्या देवी समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। इस महायज्ञ में भाग लेने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालु आ रहे हैं और वातावरण धार्मिक उल्लास से सराबोर हो गया है।