
सरिया में चलंत कंप्यूटर वाहन से बच्चों को निशुल्क कंप्यूटर शिक्षा
स्वयंसेवी संस्था ने की पहल
डीजे न्यूज, सरिया(गिरिडीह) : स्वयंसेवी संस्था भगवान पार्शनाथ पद्मावती चैरिटेबल ट्रस्ट की पहल पर सरिया के तीन केंद्रों पर चलंत कंप्यूटर वाहन के माध्यम से निशुल्क कंप्यूटर साक्षरता कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस संबंध में रविवार को संस्था के सदस्य राजेश जैन, संतोष जैन और मोनिला जैन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।
एजुकेशन ऑन व्हील्स’ के तहत मिलेगा तीन माह का प्रशिक्षण
संस्था के सदस्यों ने बताया कि वर्ष 2020 से ट्रस्ट देशभर के कई हिस्सों में ‘एजुकेशन ऑन व्हील्स’ कार्यक्रम चला रहा है। इस अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद एवं प्रतिभावान छात्रों को तीन माह का बेसिक कंप्यूटर कोर्स निशुल्क कराया जाता है, जिसके बाद प्रमाण पत्र भी दिया जाता है। अब तक करीब 2200 छात्र इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
स्कूलों में मिलेगा कंप्यूटर प्रशिक्षण
सोमवार से सरिया के बालिका हाईस्कूल, केशवारी उच्च विद्यालय और कोयरीडीह हाईस्कूल में पहले चरण के तहत 18-18 छात्रों का पंजीकरण कर कंप्यूटर प्रशिक्षण की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद अन्य स्कूलों में भी यह सुविधा प्रदान की जाएगी।
चलता-फिरता कंप्यूटर क्लासरूम
इस कार्यक्रम के तहत एक विशेष बस में कंप्यूटर, प्रशिक्षक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्र अपने विद्यालय परिसर में ही सुगमतापूर्वक कंप्यूटर की शिक्षा प्राप्त कर सकें। संस्था ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य 14 वर्ष से अधिक उम्र के छात्रों को नियमित पढ़ाई के साथ-साथ कंप्यूटर साक्षरता से जोड़ना है।
स्थानीय लोगों और विद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना की और इसे ग्रामीण छात्रों के लिए एक बड़ा अवसर बताया।