



सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर 31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक क्षेत्र के सभी जिलों में पदयात्रा निकालेगी भाजपा

युवाओं में एकता का नया संकल्प
डीजे न्यूज, दुमका : अपने क्षेत्र में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर Sardar@150 Unity March की भव्य शुरुआत की घोषणा रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य लौह पुरुष के “अखंड भारत, एकता और राष्ट्रनिर्माण” के विचारों को युवाओं तक पहुँचाना और विकसित भारत 2047 के संकल्प को जन–जन तक ले जाना है।
वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल का पुरुषार्थ, उनकी राष्ट्र-एकीकरण की भावना और भारत को जोड़ने का अद्भुत कार्य आज भी प्रेरणा देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आगे बढ़ाए जा रहे एकता व विकास के मिशन को युवा समाज के माध्यम से मजबूत करने का संकल्प इस अभियान का आधार है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान 6 अक्टूबर को केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया द्वारा शुरू किए गए डिजिटल फेज का विस्तार है। देशभर में युवा सोशल मीडिया रील प्रतियोगिता, निबंध लेखन, Young Leaders Program और अन्य ऑनलाइन गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। सभी गतिविधियाँ MY Bharat पोर्टल के माध्यम से संचालित होंगी।
गांव-गांव, गली-गली पहुँचेगा सरदार पटेल का संदेश
31 अक्टूबर से 25 नवंबर तक क्षेत्र के सभी जिलों में पदयात्राओं का आयोजन होगा। इन पदयात्राओं में योग–स्वास्थ्य शिविर, व्याख्यान, वाद-विवाद, नशामुक्ति संकल्प जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह केवल आयोजन नहीं, बल्कि जन-जागरण का महायज्ञ होगा, जो क्षेत्र के लोगों को एक सूत्र में बांधेगा।
क्षेत्र में पदयात्राओं के दौरान स्थानीय संस्कृति का प्रदर्शन, स्वच्छता अभियान, सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी, युवा स्वयंसेवकों की भागीदारी और एक भारत–श्रेष्ठ भारत की भावना झलकेगी। NCC, NSS, MY Bharat के सैकड़ों स्वयंसेवक इस अभियान को सफल बनाएंगे।
युवाओं, संस्थानों और समाज की व्यापक भागीदारी
स्कूल–कॉलेजों में प्री-इवेंट गतिविधियाँ, शोधकर्ताओं एवं विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। सड़कों, पार्क, मॉल, फूड कॉर्नर जैसे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ होंगी।
क्षेत्र के युवा आइकन, सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी, सेना के पूर्व अधिकारी, खिलाड़ी तथा विभिन्न सामाजिक संगठन भी पदयात्रा में शामिल होंगे। तीन दिन का एक विशेष कार्निवल भी पदयात्रा मार्ग पर आयोजित किया जाएगा।
26 नवंबर को ऐतिहासिक यात्रा की शुरुआत
अभियान का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय 26 नवंबर—संविधान दिवस—को शुरू होगा, जब क्षेत्र के युवा प्रतिनिधि करमसद से Statue of Unity तक 152 किलोमीटर की ऐतिहासिक पदयात्रा में देशभर के पदयात्रियों के साथ शामिल होंगे।
यह यात्रा आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल और एकता के संकल्प को नई ऊर्जा देगी।
वक्ताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने रियासतों को जोड़ा था, और आज युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे सपनों और दिलों को जोड़ें। अखंड भारत का जो सपना सरदार पटेल ने देखा था, उसे आत्मनिर्भर और विकसित भारत के रूप में साकार करना आज की पीढ़ी का धर्म है।
प्रेस वार्ता में पूर्व सांसद सुनील सोरेन, विधायक देवेंद्र कुंवर, भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव कांत, रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम के संयोजक रूपेश कुमार मंडल, सह संयोजक सोनी हेंब्रम सहित पार्टी और संगठन के कई प्रमुख लोग उपस्थित थे।
