सोनारडीह भू धंसान:  प्रभावितों के लिए मूलभूत सुविधा की समुचित व्यवस्था करने का दिया निर्देश राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को दिया जाएगा मुआवजा

Advertisements

सोनारडीह भू धंसान:  प्रभावितों के लिए मूलभूत सुविधा की समुचित व्यवस्था करने का दिया निर्देश

राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को दिया जाएगा मुआवजा

डीजे न्यूज, धनबाद: सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडाबाड़ी में मंगलवार शाम हुई भू धंसान की घटना को लेकर उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बुधवार को विभिन्न पदाधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा की।

समीक्षा के क्रम में उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। उनके लिए भोजन, पानी सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की शिकायत, विशेषकर खाने-पीने की व्यवस्था को लेकर, प्राप्त नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सरकार के द्वारा दी जाने वाली मुआवजा राशि को लेकर आवश्यक प्रशासनिक तैयारी रखें। साथ में मौके पर अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने, सभी अधिकारियों को घटना स्थल पर जाकर राहत, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने तथा समस्त स्थिति की रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले परिवारों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के लिए जेआरडीए को प्रभावित स्थल का दौरा कर पारिवारिक सर्वे करने का निर्देश दिया।

उप विकास आयुक्त ने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जो अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन सही तरीके से नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ऑनलाइन बैठक में अनुमंडल दंडाधिकारी  लोकेश बारंगे, जिला खनन पदाधिकारी, निदेशक डीआरडीबी, बाघमारा के एसडीपीओ, अंचल अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जेआरडीए के पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top