



सोना पहाड़ी मंदिर विवाद : बेको में जोरदार प्रदर्शन, लाठी-डंडे के साथ निकाली विशाल पदयात्रा
डीजे न्यूज, बगोदर(गिरिडीह) : बगोदर प्रखंड के बेको स्थित सोना पहाड़ी मंदिर को सार्वजनिक करने की मांग को लेकर रविवार को बेको के ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बेको की ग्रामीण एकता के बैनर तले ग्रामीणों ने लाठी-डंडे के साथ विशाल पदयात्रा सह जुलूस निकाला।
यह जुलूस बेको कन्या उच्च विद्यालय से शुरू होकर बेको मेन रोड होते हुए सोना पहाड़ी मंदिर पहुंचा और आगे गोपालडीह बगीचा में जाकर नुक्कड़ सभा में तब्दील हो गया। जुलूस में शामिल लोग “सोना पहाड़ी को सार्वजनिक करो”, “ग्रामीण एकता जिंदाबाद” समेत कई नारे लगा रहे थे।
कार्यक्रम का नेतृत्व बेको पूर्वी मुखिया तारा देवी, बेको पूर्व मुखिया टेकलाल चौधरी, पूर्व जिप सदस्य जितेंद्र सिंह, दौलत महतो, पूर्व पंसस सुकर साव, दिनेश साव आदि कर रहे थे। कार्यक्रम में जिप सदस्य रीता देवी भी शामिल हुईं।

इस दौरान झारखंड विधानसभा में सोना पहाड़ी का मामला उठाने को लेकर विधायक नागेंद्र महतो के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सोना पहाड़ी को सरकार ने सी ग्रेड का पर्यटक स्थल घोषित किया है, लेकिन यहां आए दिन विभिन्न तरह की समस्याएं उत्पन्न होती रहती हैं। कई बार मारपीट की घटनाएं भी होती हैं।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि संचालन समिति में आम ग्रामीणों की भागीदारी नहीं है और सोना पहाड़ी से होने वाली आय से सामाजिक उत्थान के लिए कोई कार्य नहीं किया जा रहा है। उनका कहना था कि इस पहाड़ी पर एक परिवार का कब्जा बना हुआ है, जबकि अब समय आ गया है कि सोना पहाड़ी को सार्वजनिक किया जाए।
कार्यक्रम में दौलत महतो, जगदीश महतो, नारायण महतो, जिप सदस्य रीता देवी, माथुर प्रसाद, जितेंद्र साव, शंकर महतो, डिलचंद साव, भीम साव, संतोष महतो, रामेश्वर महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।



