



स्कूली बच्चों को समय पर दें पोशाक किट : नमन प्रियेश लकड़ा

डीजे न्यूज, देवघर : उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष के दौरान होने वाले पोशाक वितरण, पाठ्यपुस्तक वितरण, डिजी साथ पोर्टल में एंट्री, आवासीय विद्यालयों में नामांकन समेत विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि पोशाक किट वितरण की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए और जेएसएलपीएस की दीदियों के समूह द्वारा तैयार पोशाक का समय पर बच्चों के बीच वितरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जेएसएलपीएस और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि सत्र की शुरुआत में ही बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोशाक उपलब्ध कराई जा सके।
ज्ञात हो कि समग्र शिक्षा अभियान के तहत सरकारी स्कूलों में आठवीं कक्षा तक की सभी छात्राओं तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को पोशाक के लिए सहायता राशि दी जाती है। इसमें 60 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार और 40 प्रतिशत राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जाती है।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कोषागार पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी, जेएसएलपीएस तथा बैंक के अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



