



सिटी गैस पाइपलाइन कार्य में लाएं तेजी : नमन प्रियेश लकड़ा
सड़क खुदाई, पाइप लाइन बिछाने और मरम्मत कार्य में संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करें : देवघर उपायुक्त
डीजे न्यूज, देवघर :

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सिटी गैस पाइपलाइन परियोजना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में Indian Oil Corporation Limited (आईओसीएल) के अधिकारियों ने भी भाग लिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने पाइपलाइन बिछाने में आ रही तकनीकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य हर घर तक सुरक्षित और सस्ती ऊर्जा पहुंचाना है, जिससे लोगों को गैस सिलेंडर भरवाने की परेशानी से राहत मिल सके।
उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि सड़क खुदाई, पाइपलाइन बिछाने और मरम्मत कार्य के दौरान सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। साथ ही तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने पर जोर दिया गया। उन्होंने सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने और आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा।

बैठक में अपर समाहर्ता हीरा कुमार, आईओसीएल के पाइपलाइन मैनेजर रत्न कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
गौरतलब है कि सिटी गैस पाइपलाइन परियोजना के तहत घरों में पाइप के जरिए पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) उपलब्ध कराई जाएगी, जो किफायती होने के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी अनुकूल मानी जाती है।


