




सिंघियाटांड़ में गौ-अवशेष मिलने से तनाव, प्रशासन ने संभाली स्थिति
डीजे न्यूज, बलियापुर (धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघियाटांड़ गांव में गौ-अवशेष मिलने की खबर से सोमवार को कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से हालात को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री तारा देवी के रिश्तेदार शत्रुघ्न महतो के घर के पीछे स्थित बाड़ी में गौ-अवशेष मिलने की सूचना मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते दो समुदायों के बीच तनाव की आशंका बढ़ने लगी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बलियापुर थाना सहित आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालने में जुट गई। आक्रोशित लोगों को पुलिस ने समझाबुझा कर शांत कराया। साथ ही स्थिति को देखते हुए इलाके में लगातार निगरानी रखी जा रही है।

सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई थी। उन्होंने कहा कि समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों समुदायों के बीच बातचीत कराई गई और फ्लैग मार्च निकाला गया, जिससे स्थिति सामान्य हो गयी।

वहीं, अंचल अधिकारी मुरारी नायक ने कहा कि मामला अब पूरी तरह शांत है और लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई है।
फिलहाल क्षेत्र में शांति कायम है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।



