श्याम फाल्गुन महोत्सव : पहले दिन 8100 श्रद्धालुओं ने किया निशान अर्पण, भक्ति से झरिया सराबोर  

Advertisements

श्याम फाल्गुन महोत्सव : पहले दिन 8100 श्रद्धालुओं ने किया निशान अर्पण, भक्ति से झरिया सराबोर  

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : झरिया के श्रीश्याम मंदिर धाम में आयोजित तीन दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के प्रथम दिन गुरुवार को 8100 महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने निशान अर्पित किया। सभी भक्त श्याममय होकर नाचते-गाते हुए झरिया शहर की परिक्रमा कर मंदिर पहुंचे और अपने निशान अर्पित किए।

रंग-बिरंगे परिधानों में सुसज्जित महिला एवं पुरुष श्रद्धालु पूरे उत्साह के साथ श्याम बाबा के जयकारे लगाते हुए शोभा यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं के लिए पेयजल एवं शर्बत की व्यवस्था की गई।

पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा और दृश्य ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो वृंदावन में ग्वाल-बाल भगवान कृष्ण के साथ होली खेल रहे हों।

निशान शोभा यात्रा के दौरान मारवाड़ी युवा मंच, झरिया शाखा द्वारा देशबंधु सिनेमा हॉल के समीप श्रद्धालुओं के लिए जल एवं मैंगो ड्रिंक सेवा का आयोजन किया गया। शोभा यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं एवं आमजनों के बीच शीतल जल तथा मैंगो ड्रिंक का वितरण किया गया, जिससे गर्मी के बीच उन्हें विशेष राहत मिली।

इस सेवा कार्य में शाखा अध्यक्ष डॉ. मनीष शर्मा, संयुक्त सचिव सह कार्यक्रम समन्वयक सन्नी अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष विवेक लिल्हा, ललित तुलस्यान, नीरज अग्रवाल, कविता अग्रवाल, किरण शर्मा, गौतम अग्रवाल, सीए विशाल अग्रवाल, संकल्प अग्रवाल, नेहा अग्रवाल, मयंक केजरीवाल, यश अग्रवाल एवं हितेन शर्मा उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top