

श्रद्धा और उल्लास के साथ झरिया में हुई श्री श्री चित्रगुप्त पूजा 
सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने मनमोहक नृत्य से बटोरा सबका दिल
धनबाद विधायक राज सिन्हा एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह हुई शामिल 
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद) : धर्मशाला रोड स्थित श्री श्री चित्रगुप्त पूजा समिति द्वारा भगवान श्री चित्रगुप्त जी का भव्य पूजन-अर्चन शुक्रवार को श्रद्धा और हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर कायस्थ समाज के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में धर्मभीरू नागरिकों ने भाग लेकर पूजा में आस्था प्रकट की। पूजन में मुख्य यजमान के रूप में हृदय कुमार लाला रहे, जबकि पूजा-अर्चना पुरोहित मनोज पांडेय द्वारा वैदिक विधि-विधान से सम्पन्न कराई गई। संध्या 6 बजे आरती के बाद परिचय सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें बेबी लैंड स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
शाश्वती सेन के नृत्य निर्देशन में बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य को खूब सराहा गया। कार्यक्रम में चित्रांश समाज के सदस्यों एवं स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे आयोजन का आनंद लिया। रात्रि में झरिया विधायक रागिनी सिंह ने भगवान श्री चित्रगुप्त के दर्शन कर झरिया की जनता के अमन-चैन की प्रार्थना की, वहीं धनबाद विधायक राज सिन्हा ने भी उपस्थित होकर भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष श्रीकांत श्रीवास्तव, सचिव सुधीर सिन्हा, कोषाध्यक्ष श्रीकांत अंबष्ट समेत बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं महिला मंडल की सदस्याएँ शिल्पी सिन्हा, किरण सिन्हा, रजनी देवी, नमिता सिन्हा, नीलू श्रीवास्तव, पूर्वा सिन्हा, कुसुम श्रीवास्तव, मौली श्रीवास्तव, मिली श्रीवास्तव, जयंती सिन्हा सहित सैकड़ों महिलाएँ उपस्थित थीं।
