



शिवम आजाद का एक और सहयोगी हर्ष श्रीवास्तव उर्फ टुसू हथियार समेत गिरफ्तार

ताराटांड़ के बुटबरिया के पास से छापेमारी टीम ने दबोचा, अब तक शिवम समेत आधा दर्जन आरोपित गिरफ्तार
मतदान के बाद वार्ड नंबर 18 गोलीबारी का मामला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर निकाय चुनाव को लेकर मतदान के बाद वार्ड नंबर 18 में हुई गोलीबारी में पुलिस ने पूर्व पार्षद व झामुमो के निलंबित नेता शिवम आजाद के एक और सहयोगी हर्ष श्रीवास्तव उर्फ टुसू को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र से हुई है। गोलीकांड का नामजद अभियुक्त हर्ष श्रीवास्तव ताराटांड़ से बाहर भागने की फिरका में था। इस बात की भनक लगते ही गठित टीम ने गिरिडीह-टुंडी मार्ग पर स्थित ताराटांड़ थाना अंतर्गत बुटबरिया के पास छापेमारी करते हुए उसे दबोचा। उसके पास से पुलिस टीम ने एक 7.65 एमएम का देसी पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद हुआ है।
गुरुवार को जिला के एसपी डॉक्टर बिमल कुमार ने प्रेस वार्ता कर इस आशय की पूरी जानकारी दी। एसपी ने बताया कि निकाय चुनाव के दिन वार्ड नंबर 18 के बूथ संख्या 18/3 उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय आजाद नगर अनुसूचित जाति टोला के मतदान स्थल से 200 मीटर की दूरी पर हिंसक घटना घटी थी। नगर थाना क्षेत्र के झिंझरी मोहल्ला का रहने वाला हर्ष श्रीवास्तव उर्फ टुसू इस घटना का नामजद अभियुक्त था। पुलिस को ताराटांड़ थाना क्षेत्र के दुरस्त इलाके में उसके छिपे होने की सूचना मिली थी। सूचना के उपरांत त्वरित करवाई करते हुए गठित टीम को तत्काल छापेमारी का निर्देश दिया गया। टीम ने फौरन बताए गए इलाके में छापेमारी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता पाई। बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर उसके द्वारा फायरिंग में इस्तेमाल किया गया 7.65 एमएम का एक देसी पिस्टल, 7.65 एमएम का एक जिंदा गोली बरामद किया गया है। साथ ही फायरिंग किए गए स्थान से एक खोखा भी बरामद किया गया है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त हर्ष श्रीवास्तव के विरुद्ध नगर थाना में पूर्व में भी अपराधिक मामला दर्ज है।
बताते चलें कि इस गोलीकांड के बाद जिला प्रशासन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया था। गठित टीम में डीएसपी मुख्यालय कौशर अली, नीरज सिंह, साइबर डीएसपी आबिद खान, एसडीपीओ धनंजय कुमार, राजेंद्र प्रसाद, सुमित कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया था। पुलिस की चार अलग-अलग टीमें लगातार छापेमारी करते हुए इस गोलीकांड के मुख्य अभियुक्त शिवम् श्रीवास्तव उर्फ शिवम् आजाद सहित पांच लोगों को गिरफ्तार कर 25 फरवरी को जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से भी पुलिस टीम के 7.65 एमएम का एक देसी पिस्टल और पांच जिंदा गोली एवं खोखा बरामद किया था।




