शिक्षक बने राहवीर, उपायुक्त ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित दुर्घटना में घायल छात्राओं का तत्काल उपचार कराकर परीक्षा में कराया शामिल

Advertisements

शिक्षक बने राहवीर, उपायुक्त ने शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित

दुर्घटना में घायल छात्राओं का तत्काल उपचार कराकर परीक्षा में कराया शामिल

डीजे न्यूज, धनबाद: मधुबन थाना क्षेत्र के सिनिडीह कांटा घर के समीप शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में जख्मी छात्राओं को तत्काल
चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराने और उन्हें सकुशल बोर्ड परीक्षा में शामिल कराने के लिए
के.बी.आर. हाई स्कूल महुदा के शिक्षकों, छत्रुटांड पंचायत के मुखिया, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को सम्मानित किया गया। डीसी आदित्य रंजन ने शुक्रवार शाम सभी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।

दरअसल, मैट्रिक की परीक्षा की प्रथम शिफ्ट में कतरास के राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय की 11 छात्राएं मारुति ओमनी जेएच 10 ए.ए. 8926 से अंग्रेजी की परीक्षा में शामिल होने के लिए छत्रुटांड पंचायत होकर के.बी.आर. हाई स्कूल महुदा जा रही थी। इस दौरान सिनिडीह मोड़ के पास एक ट्रक संख्या जेएच 10 डी.ई. 7228 ने मारुति ओमनी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर काफी जोरदार थी। इससे ओमनी दो बार पलट गई। टक्कर के बाद कोमल कुमारी एवं अंजली कुमारी को अधिक चोट लगी। जबकि अन्य छात्राओं को मामूली चोट आई। घटना से छात्राएं काफी घबरा गई।

जैसे ही इसकी सूचना शिक्षा विभाग के बीपीओ विकास लाल दास एवं सीआरपी  मदन मोहन झा को मिली उन्होंने तत्काल जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा को सूचित किया। सूचना मिलते ही जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अशोक कुमार पाल एवं सीआरपी मदन मोहन झा को तुरंत घटनास्थल पर भेजा। सूचना पर छत्रुटांड के मुखिया दिनेश कुमार प्रमाणिक तथा शिक्षा विभाग के पदाधिकारी तत्काल सभी बच्चियों को निचितपुर क्लीनिक में इलाज के लिए ले गए। बीटीएम प्लस टू हाई स्कूल मालकेरा के प्राचार्य जय होरो, फिजियोथैरेपिस्ट मो ग्यास सरवर, के.बी.आर. हाई स्कूल के प्राचार्य  राजेश श्रीवास्तव भी क्लीनिक पहुंचे।

क्लीनिक में प्राथमिक उपचार कर घबराई छात्राओं का मनोबल बढ़ाया तथा उनको निजी वाहन से परीक्षा केंद्र पहुंचाया। वहीं अधिक घायल छात्राओं के बारे में जिला शिक्षा पदाधिकारी को बताया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने परीक्षा केंद्र में विशेष रूम की व्यवस्था करवा कर छात्राओं को परीक्षा में शामिल कराया। साथ ही बाघमारा स्वास्थ्य केंद्र के डॉ स्वतंत्र कुमार अपनी टीम के साथ जब तक परीक्षा संपन्न नहीं हुई तब तक सेंटर पर बैठे रहे। जबकि छत्रुटांड के मुखिया ने सभी छात्राओं तथा उनके अभिभावकों के लिए खाने-पीने की व्यवस्था की। परीक्षा पूरी होने के बाद निजी वाहन से सभी को उनके घर पहुंचाया।

उपायुक्त को जब इसकी सूचना मिली तो उन्होंने इस कार्य में राहवीर बनकर छात्रों की सहायता करने वाले सभी को संध्या समाहरणालय बुलाया। उन्होंने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली। उनके नेक कार्य के लिए प्रशंसा की। तत्पश्चात शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।

मौके पर राजेंद्र कन्या मध्य विद्यालय की शिक्षिका सरिता वर्मा, सोनी कुमारी, ईश्वर चंद्र दुबे, बीटीएम रंजीत रवानी, के.बी.आर. हाई स्कूल के शिक्षक करुनेश श्रीवास्तव, अजीज हुसैन सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top